बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में किसान समाज पार्टी (एस) ने बक्सर जिले की सदर विधानसभा सीट (200) से पंकज कुमार पाण्डेय को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.पी. मिश्र ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पंकज कुमार पाण्डेय को पार्टी की ओर से आधिकारिक प्रत्याशी बनाया गया है और इस संबंध में प्रारूप “क” और “ख” के तहत निर्वाचन आयोग को जरूरी दस्तावेज भेज दिए गए हैं।
पंकज कुमार पाण्डेय मूल रूप से बक्सर जिले के उनवांस गांव के निवासी हैं और उनके पिता स्व. पदुमदेव पाण्डेय भी सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं। पंकज पाण्डेय ने बताया कि वह किसानों, बेरोजगार युवाओं, शिक्षा की गुणवत्ता और ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत जरूरतों को लेकर जनता के बीच जाएंगे।
उन्होंने कहा, “हमारा नारा है – गांव, गरीब और किसान की आवाज़ को विधानसभा तक पहुंचाना।”
उन्होंने यह भी बताया कि वे 17 अक्टूबर को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
पार्टी अध्यक्ष एस.पी. मिश्र ने पंकज पाण्डेय को जमीनी कार्यकर्ता बताते हुए विश्वास जताया कि वे जनता के विश्वास पर खरा उतरेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि नामांकन प्रक्रिया में किसी प्रकार की रुकावट न आए, इसके लिए सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।पार्टी ने ‘लाल बहादुर शास्त्री अमर रहें’ के नारे के साथ किसानों, युवाओं और ग्रामीण वोटरों से समर्थन की अपील की है।