Tue. Jun 23rd, 2026

Patna: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का पटना दौरा आज बहुआयामी कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न हुआ, जिसमें स्वच्छता, विकास, कृषि सुधार और जनसंपर्क के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को मजबूती से रेखांकित किया गया। पूरे दिन चले कार्यक्रमों में शिवराज सिंह चौहान ने न केवल केंद्र की नीतियों को जमीन पर उतारने का सकारात्मक संदेश दिया, बल्कि बिहार में डबल इंजन सरकार के समन्वय और विकास गति को भी रेखांकित किया।

 

कार्यक्रमों की शुरुआत पटना के ऐतिहासिक गोलघर परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान से हुई, जहाँ केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार के कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ भाग लेकर स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने में प्रधानमंत्री श्री मोदी की भूमिका को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद स्वच्छ भारत अभियान ने देश में व्यवहार परिवर्तन का नया अध्याय लिखा है और “स्वच्छता परमो धर्म” केवल नारा नहीं, बल्कि नागरिक कर्तव्य है।

 

इसके बाद केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी से लोकसेवक आवास पर मुलाकात कर कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय के जरिए किसानों की आय वृद्धि, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

 

पटना के एमएलए फ्लैट परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होकर शिवराज सिंह चौहान ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए “धरती सेवा” का संदेश दिया। इसके बाद ‘प्रगति पथ यात्रा’ के तहत अटल पथ और अन्य विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया गया, जिसमें सड़क, आधारभूत संरचना और स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से हो रहे कार्यों का जायजा लिया गया।

 

पीएमसीएच के नवनिर्मित अत्याधुनिक भवन का अवलोकन करते हुए उन्होंने बिहार के स्वास्थ्य ढांचे में हो रहे बदलाव को “नई पहचान” बताया। विद्यापति भवन में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि देश में बुनियादी ढांचे से लेकर आत्मनिर्भरता तक अभूतपूर्व परिवर्तन हुआ है- लगभग 100 प्रतिशत रेल विद्युतीकरण, वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर भारत की नई तस्वीर पेश कर रहे हैं। साथ ही, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति के प्रतीकात्मक कदमों को भी राष्ट्रीय स्वाभिमान से जोड़ा।

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवराज सिंह चौहान ने बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को नमन करते हुए कहा कि यह “ज्ञान, तप और त्याग की भूमि” है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले 12 वर्षों में 4 करोड़ से अधिक लोगों को पक्के मकान मिले, 3 करोड़ महिलाएँ ‘लखपति दीदी’ बनीं और देश का खाद्यान्न उत्पादन 71 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पीएम-किसान जैसी योजनाओं को किसानों के जीवन में परिवर्तनकारी बताया।

 

दौरे के अंतिम चरण में नौबतपुर में ‘खेत बचाओ अभियान’ के माध्यम से किसानों से सीधे संवाद किया गया। शिवराज सिंह चौहान ने रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग, मृदा परीक्षण, किसान क्रेडिट कार्ड और सरकारी योजनाओं के लाभ को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता “समृद्ध किसान, सशक्त गांव और आत्मनिर्भर भारत” है।

पूरे कार्यक्रम के दौरान यह संदेश प्रमुखता से उभरा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की नीतियाँ अब केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं, बल्कि राज्यों के सहयोग से जमीन पर प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं और बिहार इस परिवर्तन का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!