Tue. Feb 24th, 2026

सिविल कोर्ट, बक्सर स्थित DLSA हॉल में “नशा मुक्ति: जागरूकता, रोकथाम एवं पुनर्वास” विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम DAWN Program (Drug Awareness and Wellness Navigation) के अंतर्गत आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), बक्सर एवं बक्सर मेडिकल सिटी फाउंडेशन द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पंजीकरण एवं अतिथियों के स्वागत से हुआ, तत्पश्चात दीप प्रज्वलन कर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश -सह- अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर सुश्री काजल झांब ने सेमिनार का औपचारिक उद्घाटन किया। मंच पर इस दौरान श्री मनोज कुमार, प्रिंसिपल जज फैमिली कोर्ट, श्री उदय प्रताप सिंह , ADJ – 1, श्री मनीष कुमार शुक्ला, ADJ – 2, श्री सुदेश कुमार श्रीवास्तव, ADJ – 3, श्री विंदेश्वरी प्रसाद पाण्डेय, सचिव जिला बार एसोसिएशन, बक्सर, राम नारायण, निदेशक, बक्सर मेडिकल सिटी फाउंडेशन, बक्सर उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर से कहा कि नशा सिर्फ व्यक्ति नहीं बल्कि परिवार एवं पूरे समाज को प्रभावित करता है, नशा पीड़ित को अपराधी के नजरिए से न देख कर मानसिक बीमार के रूप में देखना चाहिए, तथा जैसे अन्य बीमारियो के लिए अस्पताल का रुख करते हैं, उसी प्रकार इसके लिए भी विशेष रिहैब सेंटर है वहां जाना चाहिए। बक्सर मेडिकल सिटी फाउंडेशन इस दिशा में अच्छा कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के अगले सत्र में बक्सर मेडिकल सिटी फाउंडेशन के निदेशक श्री राम नारायण ने DAWN Program की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए नशा मुक्ति के लिए समाज, चिकित्सा क्षेत्र एवं न्याय व्यवस्था के समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

इसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बक्सर की सचिव श्रीमती नेहा दयाल ने अपने संबोधन में नशा उन्मूलन में न्यायपालिका की भूमिका तथा प्रभावित व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला।

तत्पश्चात इसके अतिरिक्त कानूनी सहायता एवं पुनर्वास प्रक्रिया पर विशेष प्रस्तुति दी गई, जिसमें नशे से ग्रसित व्यक्तियों के उपचार, परामर्श एवं पुनर्स्थापन की समुचित व्यवस्था पर चर्चा की गई।

अंततः सदर अस्पताल, बक्सर के मनोवैज्ञानिक श्री के. के. पांडेय ने नशे के दुष्प्रभाव, रोकथाम के उपाय एवं उपचार की उपलब्ध सुविधाओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा परिवार की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र, मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के संबोधन तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण हेतु सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही नशा मुक्ति पर पोस्टर बना कर लाए गए प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर कार्यक्रम का समापन किया गया, पहले सत्र का मंच संचालन सिविल जज सुश्री नेहा त्रिपाठी तथा बाकी अन्य सत्रों का बक्सर मेडिकल सिटी फाउंडेशन से वैष्णवी मिश्रा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन फाउंडेशन की स्नेहा कुमारी चौरसिया ने किया।

यह सेमिनार समाज में जागरूकता बढ़ाने, संस्थागत सहयोग को मजबूत करने तथा नशा प्रभावित व्यक्तियों को सही मार्गदर्शन प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में DLSA के दीपेश जी, सुधीर जी, बक्सर मेडिकल सिटी फाउंडेशन के अजय कुमार, कृष्ण जायसवाल, इंद्रजीत चौबे, मुकेश कुमार खरवार इत्यादि का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!