भारतीय डाक विभाग “डाक सेवा जन सेवा” के संकल्प के साथ आम नागरिकों को बेहतर, त्वरित एवं सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में प्रधान डाकघर बक्सर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार हेतु एक और आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया है। इस अवसर पर डाक अधीक्षक, बक्सर प्रमंडल, कुमारी सरिता ने बताया कि बक्सर प्रधान डाकघर में पहले से एक आधार सेवा केंद्र संचालित था, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आधार नामांकन एवं संबंधी सेवाओं का लाभ प्राप्त कर रहे थे। बढ़ती मांग को देखते हुए प्रधान डाकघर बक्सर में ही एक और अतिरिक्त आधार सेवा केंद्र शुरू किया गया है, जिससे लोगों को आधार संबंधी कार्यों के लिए कम समय में बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। इस केंद्र पर नया आधार नामांकन, नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल एवं बायोमेट्रिक सहित सभी आधार सेवाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में बक्सर प्रमंडल के अन्य डाकघरों में भी आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को अपने नजदीकी डाकघर में ही आधार संबंधी सभी सुविधाएं मिल सकें।
डाक अधीक्षक ने बताया कि आम जनता, व्यापारियों, विद्यार्थियों तथा ई-कॉमर्स ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बक्सर प्रधान डाकघर में स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, पार्सल एवं अन्य डाक बुकिंग सेवाओं का समय बढ़ाकर प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक कर दिया गया है। अब नागरिक लगातार 12 घंटे तक डाक बुकिंग सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इस विस्तारित समय से विशेष रूप से नौकरीपेशा लोगों, व्यवसायियों एवं दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले ग्राहकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
कुमारी सरिता ने यह भी बताया कि भारतीय डाक विभाग द्वारा संचालित भारत डाक फ्रेंचाइजी योजना 2.0 बेरोजगार युवाओं एवं उद्यमियों के लिए स्वरोजगार का एक उत्कृष्ट अवसर है। इस योजना के तहत इच्छुक व्यक्ति स्पीड पोस्ट, पार्सल एवं अंतरराष्ट्रीय डाक की बुकिंग एवं डिलीवरी सेवाओं से जुड़कर अपना व्यवसाय प्रारंभ कर सकते हैं। विभाग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार फ्रेंचाइजी धारकों को 7 प्रतिशत से 30 प्रतिशत तक आकर्षक कमीशन अर्जित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने बक्सर प्रमंडल के शिक्षित युवाओं, स्वयं सहायता समूहों एवं छोटे उद्यमियों से इस योजना का लाभ उठाने और आत्मनिर्भर भारत अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
डाक अधीक्षक ने कहा कि भारतीय डाक विभाग केवल डाक वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि आधार, बैंकिंग, बीमा, पार्सल एवं डिजिटल सेवाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक सुविधाएं पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा और संतुष्टि विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा बक्सर प्रमंडल के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से डाकघरों में उपलब्ध विभिन्न सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
