Fri. Jun 5th, 2026

जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में कार्य संस्कृति एवं समन्वय की बैठक समाहरणालय सभागार में आहूत की गई। बैठक में सर्वप्रथम विधि शाखा के तहत कोर्ट केस में संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी उपस्थित कार्यालय प्रधान को अपने विभाग से संबंधित कोर्ट केस के मामलों में तथ्यात्मक बातों को सार संक्षेप में स्पष्टरूप से तार्किक ढंग से विश्लेषित कर तथ्याविवरणी में देने को कहा। ताकि सरकार का पक्ष स्पष्ट एवं जोरदार तरीके से कोर्ट में प्रस्तुत किया जा सके। आर0टी0पी0एस0 के तहत लंबे समय से मामलें को लंबित रखने वाले पदाधिकारियों पर अर्थदण्ड लगाने का आदेश दिया गया। अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर को चौसा गोला से अतिक्रमण हटवाने का निदेश दिया गया। ताकि चौराहे का सौन्दर्यीकरण के कार्य को प्रारम्भ करवाया जा सके। ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता से कार्य में शिथिलता बरतने के लिए स्पष्टीकरण पूछने का निदेश दिया गया। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना हर खेत को पानी को जिले में प्रभावी ढंग से कार्यान्वियत करने हेतु वरीय उप समाहर्ता विकास कुमार जायसवाल को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। उनसे अंचलाधिकारियों एवं लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता से समन्वय स्थापित कर वांछित नक्शा को उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया। डी0आर0डी0ए0 निदेशक को नव प्रवर्तन योजना के तहत जिला में मशरूम उगाने, मधुमक्खी पालन, वस्त्र निर्माण, फर्नीचर निर्माण से संबंधित नया कलस्टर विकसित करने हेतु प्रभावी कार्य योजना बनाने एवं इसका निरंतर अनुश्रवण करने का निदेश उप विकास आयुक्त महोदय को दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त बक्सर, अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर, डी0सी0एल0आर0 बक्सर/डुमराँव, वरीय उप समाहर्तागण, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारीगण एवं विभिन्न कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंतागण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!