
बकसर से शिव दयाल पाण्डेय की रिपोर्ट,
आज दिनांक 18 जनवरी 2021 को जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर के द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2021 का शुभारम्भ दीप प्रज्जवलित करके नगर भवन के सामने सड़क के किनारे र्निमित पण्डाल में किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि यातायात के नियम वाहन चालक एवं आम जनों की सुरक्षा हेतु बनाए गए हैं। यातायात नियमों के अनुपालन में थोड़ी सी लापरवाही बहुत बड़ी दुर्घटना में तब्दील हो जाती है। जिससे पूरा परिवार व समाज प्रभावित हो जाता है। पूरे देश में एक साथ एक महीने तक जन जागरूकता कार्यक्रम का चलाया जाना इसकी महता को दर्शाता है। 18 जनवरी से 17 फरवरी 2021 तक जन जागरूकता हेतु विविध गतिविधियाँ जिला परिवहन विभाग बक्सर के द्वारा संचालित की जाएँगी। इस दौरान सघन वाहन चेकिंग की जाएगी। जिसमें वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, माल की ढुलाई करने, ट्रिपल लोडिंग, हेलमेट चेकिंग, वाहन चलाने हेतु निर्गत लाइसेंस की चेकिंग पर विशेष जोर दिया जाएगा। आदतन लगातार गलती करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर उनका लेखा-जोखा परिवहन विभाग द्वारा तैयार किया जाएगा। तत्पश्चात मोटर वाहन अधिनियम के सुसंगत धाराओं के तहत उनका वाहन लाइसेंस निलम्बित करने के साथ-साथ रद्द करने की भी कार्रवाई की जाएगी। टै्रफिक नियमों का उल्लंधन करने वाले वाहन चालकों का नाम पकडे़ जाने पर समाचार पत्रों में भी प्रकाशित करवाया जाएगा। जिला पदाधिकारी महोदय ने मीडियाकर्मियों से भी जन जागरूकता अभियान की खबरे सकारात्मक रूप में प्रकाशित करने का अनुरोध किया। ताकि लोगों में टै्फिक नियमों के प्रति सजगता बढे़। जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि बक्सर जिले में यातायात के सुगम रूप से संचालन हेतु विभिन्न तरह की कार्रवाई की जा रही है। जिसमें सड़क किनारे के अतिक्रमण को हटाना, शहर के चौराहों का विकास एवं सौंदर्यीकरण करना शामिल है। दो नये बाइपास के स्वीकृत हो जाने की भी जानकारी दी गई। पहला बक्सर प्रखण्ड से आई0टी0आई0 होते हुए चौसा सड़क एवं दूसरा मठिया से लेकर इटाढ़ी तक। अंत में आम जनों को यातायात के नियमों के प्रति संवेदनशील बनने हेतु अपील भी की गई। कार्यक्रम को जिला परिवहन पदाधिकारी बक्सर एवं अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी एवं सिविल सोसायटी के आमंत्रित सदस्यगण उपस्थित थे।