शिकायतों के त्वरित समाधान में मिलेगी मदद, ‘आयुष्मान साथी’ चैटबॉट से डिजिटल गवर्नेंस को मिलेगा बढ़ावा
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन-आरोग्य योजना के लाभार्थियों को अब शिकायतों के त्वरित समाधान, आयुष्मान कार्ड से जुड़ी सेवाओं तथा अस्पताल संबंधी जानकारी के लिए एक आधुनिक डिजिटल सुविधा उपलब्ध होगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) द्वारा शुरू की गई ‘आयुष्मान सारथी’ एआई आधारित व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा का लाभ अब बक्सर जिले के लाभार्थी भी उठा सकेंगे।
श्री अभिषेक कुमार जिला कार्यक्रम समन्वयक बक्सर ने बताया कि यह चैटबॉट 24 घंटे एवं सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगा। इसके माध्यम से लाभार्थी घर बैठे आयुष्मान कार्ड की पात्रता जांच, नया कार्ड बनाने के लिए आवेदन, ई-केवाईसी, आधार लिंक, कार्ड डाउनलोड, सूचीबद्ध अस्पतालों की जानकारी, शिकायत दर्ज करने तथा शिकायत की स्थिति जानने जैसी कई सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदन कार्ड से संबंधित जानकारी एवं आवेदन की सुविधा भी इस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगी। इससे लाभार्थियों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी तथा योजनाओं की सेवाएं अधिक पारदर्शी एवं सुलभ बनेंगी।
लाभार्थी 7290823838 नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से “Hi” लिखकर संदेश भेजते ही ‘आयुष्मान सारथी’ चैटबॉट से जुड़ सकते हैं। इसके बाद उपलब्ध विकल्पों के माध्यम से आवश्यक जानकारी एवं सेवाएं प्राप्त की जा सकती हैं।
जिला कार्यक्रम समन्वयक ने जिले के सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।