Wed. Apr 22nd, 2026

केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि संसद खेल महाकुंभ उभरते खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान कर रहा है। उनकी प्रतिभा को निखार रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आज पूरे देश में सांसद खेल महाकुंभ के रूप में अनुपम प्रयोग किया जा रहा है। इससे ग्रामीण व शहरी खेल प्रतिभाओं को एक मंच मिला है।
केंद्रीय मंत्री श्री चौबे शनिवार को एमपी हाई स्कूल बक्सर में लड़कियों के लिए विशेष तौर पर आयोजित सांसद खेल महाकुंभ दूसरे सत्र के शुभारंभ के मौके पर उपस्थित खिलाड़ियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लड़कियां खेल के क्षेत्र में बेहतर मुकाम हासिल कर रही है। यह अन्य के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि पिछले सांसद खेल महाकुंभ में जो उत्साह और आत्मविश्वास दिखा, वह आज हर खिलाड़ी, हर युवा की पहचान बन गया है। सांसद खेल महाकुंभ को भारतीय जनता पार्टी के जिले के वरिष्ठ नेता एवं बक्सर से पूर्व प्रत्याशी रहे स्वर्गीय परशुराम चतुर्वेदी के स्मृति को समर्पित किया गया है। भारतीय जनता पार्टी खेल प्रकोष्ठ के संयोजन में इसका आयोजन किया गया है। लड़कियों के लिए कबड्डी, खो-खो एवं हॉकी खेल का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री श्री चौबे ने कहा कि खेल महाकुंभ नई और उभरती प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें भरपूर मौका देने का भी एक माध्यम बन गया है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री श्री चौबे ने स्कूल में मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य विकास कार्यों के लिए 74 लाख के विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष भोला सिंह, खेल प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राहुल आनंद एवं अन्य कार्यकर्ता सहित जिला प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!