Sat. Jun 6th, 2026

*लोक सभा आम निर्वाचन 2024 की महत्ता के दृष्टिगत आज दिनांक 25 अप्रैल 2024 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी बक्सर, श्री अंशुल अग्रवाल के द्वारा 33-बक्सर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के सभी तृतीय मतदान पदाधिकारियों (P3) का एम0पी0 उच्च विद्यालय, बक्सर में चल रहे प्रशिक्षण कार्य का निरीक्षण किया गया।*

*प्रशिक्षण कार्यक्रम दो पालियों में क्रमशः पूर्वाहन 10:00 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक एवं अपराह्न 02:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक आयोजित किया गया। आज के प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 2400 मतदान पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया।*

*प्रशिक्षण के दौरान सभी तृतीय मतदान पदाधिकारियों (P3) को पीठासीन पदाधिकारियों की भांति सम्पूर्ण मतदान प्रक्रिया की जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण कोषांग के मास्टर प्रशिक्षकों द्वारा सभी तृतीय मतदान पदाधिकारी को बीयू, सीयू एवं वीवीपीएटी के कनेक्शन के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके अतिरिक्त उन्हें मशीन पर आने वाले सभी प्रकार के डिस्प्ले, त्रुटि एवं उसके समाधान के बारे में बताया गया। सभी तृतीय मतदान पदाधिकारियों को मॉक पॉल, ईवीएम मशीन की सीलिंग प्रक्रिया, निर्वाचक सत्यापन, निविदत्त मतपत्र आदि के बारे में बताया गया। उसके पश्चात सभी प्रकार के प्रपत्रों को भरने के बारे में बताया गया।*

*प्रशिक्षण में बताया गया कि बताया गया कि तृतीय मदान पदाधिकारी ईवीएम मशीन के कंट्रोल यूनिट के प्रभारी होते हैं। तृतीय मतदान पदाधिकारी मतदाता के बाएं हाथ की तर्जनी पर अमिट स्याही की निशान की जांच कर द्वितीय मतदान पदाधिकारी के द्वारा जारी मतदान पर्ची के आधार पर मतदाता को मतदान कक्ष में जाने की अनुमति देंगे तथा इस बात का भी ध्यान रखेंगे की निर्गत पर्ची के क्रम के अनुसार मतदाता मतदान करें।*

*जिला पदाधिकारी द्वारा सभी तृतीय मतदान पदाधिकारियों को बेहतर ढंग से प्रशिक्षण प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। साथ ही निर्देश दिया गया कि पीठासीन अधिकारी, प्रथम मतदान पदाधिकारी (P1) एवं द्वितीय मतदान पदाधिकारी (P2) के साथ समन्वय बनाते हुए एक टीम के रूप में निर्वाचन दायित्वों का निर्वहन करेंगे। सभी मास्टर प्रशिक्षकों को सभी प्रशिक्षुओं को हैंड्स ऑन ट्रेनिंग देने का भी निर्देश दिया गया।*

*जिला पदाधिकारी द्वारा सभी तृतीय मतदान पदाधिकारियों को पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करने हेतु Form 12 का प्रयोग किए जाने के संबंध में प्रेरित किया गया। इस संबंध में नोडल पदाधिकारी, पोस्टल बैलेट कोषांग एवं नोडल पदाधिकारी, प्रशिक्षण कोषांग को समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक फार्म प्राप्त करें हेतु निर्देशित किया गया।*

*निरीक्षण के पश्चात जिला पदाधिकारी द्वारा एम०पी० हाई स्कूल में अवस्थित पुस्तकालय का निरीक्षण किया गया एवं अध्यनरत छात्रों से मुलाकात की गई। इस दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा उपस्थित छात्रों से पुस्तकालय का फीडबैक प्राप्त किया गया एवं एमपी हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक को इस पुस्तकालय में सभी प्रकार की बुनियादी सुविधाओं यथा पेयजल, शौचालय, पर्याप्त संख्या में कुर्सी टेबल एवं इंटरनेट की सुविधा आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।*

*निरीक्षण के क्रम में अपर समाहर्ता सह वरीय प्रभारी पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग बक्सर, नोडल पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग पदाधिकारी बक्सर, मुख्य मास्टर प्रशिक्षक शिव प्रकाश राय, मास्टर प्रशिक्षक अभिनीत कुमार सिन्हा एवं प्रशिक्षण कोषांग के अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!