
को जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में बक्सर में पर्यटन एवं सौंदर्यीकरण पर समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय सभागार में आहूत की गई। जिला पदाधिकारी महोदय ने शहरी क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई करने का स्पष्ट निर्देश उपस्थित अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर, डुमराँव, अंचलाधिकारी बक्सर, डुमराँव एवं कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर/डुमराँव को दिया। बक्सर शहरी क्षेत्र के नहरों के किनारे अवैध झुग्गी झोपड़ी को हटाने का भी निर्देश दिया गया। सभी अतिक्रमणकारियों को सरकारी अतिक्रमित भूमि खाली करने हेतु नोटिस देने का सख्त निर्देश दिया गया। इसमें कोताही बरतने वाले पदाधिकारियों पर भी सख्त अनुशासनिक कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। बक्सर-इटाढ़ी पथ से मठिया मोड़ तक की तरफ, सोन-केनाल पथ के दोनो तरफ, बुनियादी केन्द्र बक्सर से आई0टी0आई0 मोड़ तक के सड़कों के चौडीकरण एवं नवीनीकरण का प्रस्ताव विभाग में भेजे जाने की जानकारी कार्यपालक अभियंता पथ प्रमण्डल ने दी। बक्सर स्टेशन से रामरेखा घाट तक नवनिर्मित सड़क के किनारे सौदर्यीकरण हेतु योजना बनाने का निदेश सिटी मैनेजर को दिया गया। इसमें वेंडरों के लिए जगह, पार्किंग के लिए जगह एवं खुली जगह के साथ-साथ फूलों के पौधों को भी लगाये जाने की योजना है। स्ट्रीट लाइटों को भी मरम्मति करवाने को कहा गया। शहरी क्षेत्रों में सड़क किनारे ठेला लगाने वालों का सर्वे करवाने का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर/डुमराँव को दिया गया। ठेला लगाने वालो को नगर परिषद अपनी तरफ से नम्बर वाला प्लेट निर्गत करेगा। कार्यपालक अभियंता पथ प्रमण्डल एवं ग्रामीण कार्य विभाग को पूरे जिले के प्रमुख क्षतिग्रस्त सूची बनाने का निर्देश दिया ताकि मानसून पूर्व सड़कों का पुनर्निर्माण सुनिश्चित किया जा सके। शहरी यातायात को सुगम बनाने हेतु विभिन्न नए सड़कों के निर्माण पर भी व्यापक चर्चा की गई ताकि भविष्य में विकसित होने वाले शहर में यातायात व्यवस्था सुगमता से चल सके। शहरी क्षेत्र के कचरे को निष्तारित करने हेतु जमीन के उपलब्धता पर चर्चा की गई। इस संबंध में विभिन्न विकल्पों पर जल्द ही अंतिम निर्णय लिए जाने का संकेत दिया गया। अंत में पुनः जिला पदाधिकारी महोदय ने शहरी क्षेत्रो में अतिक्रमण हटाने हेतु व्यापक अभियान चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि पुनः पन्द्रह दिनों में बैठक कर आज दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की जाएगी एवं कचरा निस्तार हेतु जमीन को भी अंतिम रूप से चिहिन्त कर लिया जाएगा। बैठक में उप विकास आयुक्त बक्सर, अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर/डुमराँव, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर/डुमराँव, अंचलाधिकारी बक्सर, डुमराँव, चौसा, ब्रह्यपुर एवं सिटी मैनेजर उपस्थित थे।