Wed. Oct 28th, 2026

जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में भूमि विवाद जनित अपराध को रोकने हेतु अंचल एवं अनुमण्डल स्तर पर आयोजित किये जा रहे भूमि विवाद निपटारा कैम्प के कार्यकलापों की समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय सभागार में आहूत की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि भूमि विवाद के कारण विधि-व्यवस्था की समस्या को सरकार के स्तर पर काफी गंभीरता से लिया जा रहा है। सरकार की मंशा है कि भूमि विवाद का निपटारा आपसी सहमति से समय पर कर लिया जाय ताकि विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो। इसके लिए प्रत्येक शनिवार को थाना स्तर पर थाना प्रभारी एवं अंचल अधिकारी को भूमि विवाद से संबंधित बैठक निश्चित रूप से करने का निदेश दिया गया। साथ ही प्रत्येक शनिवार को थाना स्तर पर होने वाली बैठक में उस थाना अंतर्गत सभी चौकीदारों की चौकीदारी परेड करवाकर उनके क्षेत्रान्तर्गत भूमि विवाद से संबंधित सभी जानकारी प्राप्त करने को भी कहा गया। अनुमण्डल स्तर पर अनुमण्डल पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी को प्रत्येक 15 दिन पर एक बार अपने क्षेत्रान्तर्गत सभी अंचलों के भूमि विवाद की समीक्षा करने का निदेश दिया गया। इस समीक्षात्मक बैठक में सभी अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी को निश्चित रूप से उपस्थित रहने का निदेश दिया गया। जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि वे स्वयं पुलिस अधीक्षक बक्सर के साथ प्रत्येक महीने जिला स्तरीय बैठक में सभी भूमि विवाद के मामलों की विस्तार से समीक्षा करेंगे। समीक्षा के क्रम में सभी मामलों पर विस्तार से चर्चा कर अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली जाएगी। लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारी के विरूद्ध कठोर अनुशासनिक कार्रवाई भी की जाएगी। बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय ने बताया कि जिले के कुछ प्रखण्डों में भूमि विवाद के मामलें काफी पुराने हैं एवं उसके कारण विधि-व्यवस्था की समस्या लगातार उत्पन्न होते रहती है। अतएव पहले गंभीर तरह के भूमि विवादों को प्राथमिकता के तौर पर हल करने की आवश्यकता है। इसके लिए अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी के साथ-साथ अनुमण्डल पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी को भी पहल करनी होगी। बैठक में उप विकास आयुक्त बक्सर श्री योगेश कुमार सागर, जिला परिवहन पदाधिकारी, प्रखण्डों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, सभागार में तथा वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर/डुमराँव एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर/डुमराँव उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!