चौसा, बक्सर – अग्नि सुरक्षा सप्ताह के छठे दिन, आज दिनांक 19/04/2025 को चौसा स्थित SJVN पॉवर प्लांट में प्लांट के अधिकारियों, कर्मियों एवं श्रमजीवियों के बीच एक व्यापक अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी, बक्सर श्री विनोद कुमार यादव के कुशल नेतृत्व में अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने पॉवर प्लांट के विभिन्न अग्नि संभावित क्षेत्रों, जैसे तेल भंडार और कोयला भंडार, में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और बचाव के तरीकों पर विस्तृत जानकारी दी।
मॉक ड्रिल के दौरान, कर्मियों को आग के विभिन्न प्रकारों, प्रत्येक प्रकार की आग के लिए उपयुक्त अग्निशमन यंत्रों के उपयोग और छोटी व बड़ी आग पर काबू पाने की तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। अग्निशमन यंत्रों, वॉटर टेंडर और फायर फाइटिंग पाइपलाइन को लगाने की विधि और उनके उपयोग का भी मौके पर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान, प्लांट के कर्मियों ने भी स्वयं अग्निशमन यंत्रों का उपयोग करके कृत्रिम आग पर काबू पाने का अभ्यास किया।
इस महत्वपूर्ण मॉक ड्रिल में SJVN पॉवर प्लांट के महाप्रबंधक (विद्युत) श्री केके कनोजिया, जिला अग्निशमन पदाधिकारी श्री विनोद कुमार यादव, प्रशिक्षु जिला अग्निशाम पदाधिकारी श्री मंजीत सिंह, सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी श्री सत्यदेव सिंह, अनुमंडल अग्निशाम पदाधिकारी सुश्री शिखा कुमारी, पॉवर प्लांट के अग्नि सुरक्षा अधिकारी श्री धीरज कुमार और अग्निशमन विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
मॉक ड्रिल के समापन के पश्चात, जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने पॉवर प्लांट के महाप्रबंधक के साथ भविष्य में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने को लेकर विस्तृत चर्चा भी की। इस सफल आयोजन से पॉवर प्लांट के अधिकारियों, कर्मियों और श्रमजीवियों के बीच अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है और वे किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकेंगे।