Mon. Apr 20th, 2026

कोविड-19 टीकाकरण पूर्णतः सुरक्षित है : जिला पदाधिकारी
जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में कोविड वैक्सीनेशन हेतु गठित जिला टॉस्क फोर्स की बैठक समाहरणालय सभागार में आहूत की गई। बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि कोविड-19 संक्रमण से बचाव हेतु प्रथम फेज का टीकाकरण 16 जनवरी 2021 से प्रारम्भ हो जाएगा। टीकाकरण से संबंधित पूरी प्रक्रिया का ड्राई रन सफलतापूर्वक किया जा चुका है। प्रथम चरण में हेल्थ केयर वर्क्स को टीकाकरण किया जाएगा। इसमें सरकारी एवं प्राइवेट संस्थान के चिकित्सक, नर्सिग स्टॉफ, आँगनबाड़ी सेविका/सहायिका, आशा कार्यकर्ता, एम्बुलेंस कर्मी, स्वास्थ्य सफाई कर्मी एवं स्वास्थ्य संस्थान के अन्य सेवा प्रदाता को टीका दिया जायेगा। प्रथम दिवस (16.01.2021) के लिए कुल 07 सत्र स्थलों पर टीकाकरण किया जाना है। जिसमें बक्सर सदर प्रखण्ड के सत्र स्थल हैं- जिला अस्पताल, जी0एन0एम0 स्कूल, सदर प्रा0स्वा0 केन्द्र एवं निजी संस्थान माँ शिवरात्रि हेल्थ अस्पताल है। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नावानगर, ब्रह्मपुर एवं डुमराँव में भी टीकाकरण प्रारम्भ किया जाएगा। सत्र के संचालन हेतु सभी जगह टीम का गठन किया गया है। जिसमें टीकाकर्मी के अलावा पुलिसकर्मी, डाटा सहायक/IT, आँगनबाड़ी अथवा आशा कार्यकर्ता एवं वॉलेन्टीयर भी रहेंगे। सत्र के संचालन हेतु हर सत्र स्थल पर तीन कमरों को चिन्हित किया गया है। इसमें प्रथम प्रतीक्षा कक्ष, द्वितीय टीकाकक्ष एवं तृतीय अवलोकन कक्ष रहेगा। प्रत्येक टीकाकर्मी के साथ AEFI (Adverse Event Following Immunization) Kit भी दिया गया है। इससे संबंधित प्रशिक्षण ए0एन0एम0 को दिया गया है। जिला पदाधिकारी महोदय ने बैठक में बताया कि टीका का दो डोज दिया जाना है। प्रथम डोज के 28 दिनों के पश्चात दूसरा डोज दिया जाएगा। द्वितीय डोज के बाद पन्द्रह दिन तक पूरी सतर्कता से चिकित्सकीय परामर्श का अनुपालन करना होगा। इस प्रकार कुल लगभग 45 दिनों तक सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी। टीका पूर्णतः सुरक्षित है। मीडिया के भ्रामक समाचारों का भी तत्काल खण्डन करने का निदेश सिविल सर्जन एवं जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी को दिया गया। जिला पदाधिकारी महोदय ने बैठक में उपस्थित जिला टॉस्क फोर्स के सदस्यगणों एवं वीडियो कॉन्फ्रेसिंग से जुडे़ प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी चिकित्सगणों को प्रथम फेज के टीकाकरण के शुरूआत के लिए सभी आवश्यक तैयारी ससमय पूर्ण कर लेने को कहा। बैठक में उप विकास आयुक्त बक्सर, सिविल सर्जन बक्सर, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी एवं जिला टॉस्क फोर्स के सभी सदस्यगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!