
आज दिनांक 17 फरवरी 2021 को श्री अश्विनी कुमार चौबे माननीय सांसद-सह-केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री भारत सरकार-सह-अध्यक्ष जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक पूर्वाहन 11:00 बजे से समाहरणालय सभागार में आहूत की गई। सर्वप्रथम माननीय मंत्री महोदय का स्वागत जिला पदाधिकारी महोदय के द्वारा किया गया। तत्पश्चात जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर ने पौधे में पानी दिलवाकर कार्यक्रम का उदघाटन माननीय अध्यक्ष महोदय के द्वारा करवाया। बैठक में पूर्व में 14 मार्च 2020 को दिशा की संपन्न हुई बैठक की कार्यवाही का अनुपालन प्रतिवेदन आयुक्त बक्सर के द्वारा रखा गया। कंडिकावार अनुपालन प्रतिवेदन की समीक्षा अध्यक्ष महोदय के द्वारा की गई। बक्सर प्रखण्ड अंतर्गत दल सागर मेन रोड के दक्षिण 52 बीधे में अवस्थित पोखरा से अतिक्रमण हटाने के मामलें में जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारम्भ कर दी गई है। माननीय अध्यक्ष द्वारा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत शौचालय निर्माण करने वाले लाभुकों के प्रोत्साहन राशि के भुगतान में प्रगति लाने का निर्देश दिया गया। इस क्रम में उप विकास आयुक्त महोदय ने बताया कि प्रथम चरण (2014-19) अंतर्गत कुल निर्मित शौचालय से आच्छादित घरों की संख्या 221573 है। अब तक 81 प्रतिशत शौचालय राशि का भुगतान कर दिए जाने की जानकारी दी गई। शेष लाभार्थियों का प्रोत्साहन राशि का भुगतान विभागीय निदेश के आलोक में कैम्प के माध्यम से सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों के माध्यम से 28 मार्च 2021 के पूर्व पूरा कर लेने का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम के द्वितीय चरण (2020-25) के अंतर्गत ओ0डी0एफ0 की स्थिरता के अंतर्गत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं को चिरस्थायी बनाने पर ध्यान केन्द्रित करने की बात बताई गई। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि सामुदायिक शौचालय निर्माण एवं उपयोग का प्रगति प्रतिवेदन के आधार पर जिले में कुल 275 लक्षित सामुदायिक शौचालय में से 78 निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। शेष 197 निर्माणाधीन हैं। नमामि गंगे परियोजना अंतर्गत रामरेखा घाट, नाथ बाबा घाट, सती घाट, गोला घाट एवं महोदवा घाट के विस्तारीकरण का कार्य एन0बी0सी0सी0 द्वारा करवाए जाने की जानकारी देते हुए बताया गया कि कोविड-19 संक्रमण की वजह से कार्य बाधित हुआ था। पुनः कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है, सभी कार्य 30 जून 2021 तक पूर्ण कर लेने का आश्वासन दिया गया। मठिया मुहल्ला से गंगा ब्रीज (पुलिया/तक सड़क मरम्मति) का कार्य पूरा करा लेने की जानकारी दी गई। माननीय विधायक बक्सर सदर ने सडक के बगल में मिटी भरवाने की माँग की ताकि सडक सुरक्षित आवागमन का माध्यम बने। इस पर आश्वासन दिया कि सडक के बगल में मिटी भराई कर दी जाएगी। बक्सर नगर परिषद अंतर्गत अमृत योजना के तहत क्रियान्वित बक्सर जलापूर्ति योजना में कुल 34 वार्ड है। जिनमें से फेज-I में 15 वार्डों मे कार्य पूर्ण कराने की जानकारी दी गई। फेज-II में शेष 19 वार्डों में कार्य के प्रगति पर होने की जानकारी दी गई। जिसे मार्च 2021 तक पूर्ण कराने का निदेश दिया गया। शहरी क्षेत्र में विभिन्न एजेन्सियों के द्वारा सभी तरह के पार्कों के रख रखाव हेतु राज्य सरकार के नए नीति की जानकारी जिला पदाधिकारी महोदय के द्वारा दी गई। इसमें बताया गया कि अब सभी तरह के पार्कों के रख रखाव का कार्य पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के द्वारा की जाएगी। बक्सर, इटाढी रोड में ROB (Rail Over Bridge) LC No. 70/B के पहुँच पथ निर्माण का संशोधित डी0पी0आर0 बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, पटना के द्वारा बनाकर पथ निर्माण विभाग को 24 दिसम्बर 2020 को भेजे जाने की जानकारी दी गई। रधुनाथपुर ROB निर्माण का DPR बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड पटना के द्वारा प्रशासनिक स्वीकृति हेतु पथ निर्माण विभाग को भेज दिए जाने की जानकारी दी गई। अग्रणी जिला प्रबंधक बक्सर जिला में 21966 नये किसानों को के0सी0सी0 का लाभ देने का लक्ष्य प्राप्त होने की जानकारी दी। इनमें से 3355 आवेदनों को बैंक द्वारा स्वीकृत कर लिए जाने की बात बताई गई। बक्सर पटना फोरलेन के निर्माण के क्रम मे बक्सर जिला में 38.60 कि0मी0 सड़क निर्माण किया जाना है। इसमें से वर्तमान में 34.04 कि0मी0 पर कार्य चलने की जानकारी दी गई। जिसमें 29 कि0मी0 पथ निर्माण कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिला में कुल तेरह हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर कार्यरत होने की जानकारी दी गई। माननीय अध्यक्ष महोदय ने बताया कि 2022 तक जिला में कुल 39 हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर बनाए जाने का लक्ष्य है। इसके अलावा वर्तमान में जिला अंतर्गत कुल 28 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, 161 उप प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के होने की जानकारी दी गई। माननीय अध्यक्ष महोदय ने सिविल सर्जन को स्वयं पहल कर सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में बांउड्री वाल बनवाने हेतु प्रयास करने को निदेशित किया। सदर अस्पताल में कुता काटने, बंदर काटने के पश्चात उपचार हेतु आवश्यक दवा की किल्लत का मामला उठाया। इस पर अध्यक्ष महोदय के द्वारा सिविल सर्जन को अविलम्ब दवा खरीदने का सख्त निदेश दिया गया। जिला में यूरिया की किल्लत न हो इसके लिए सभी आवश्यक कार्रवाई करने का निदेश जिला कृषि पदाधिकारी को माननीय अध्यक्ष महोदय ने दिया। यूरिया दुकानदारों की सघन जाँच को अभियान की तरह चलाने का निदेश दिया गया। जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि चूँकि यूरिया पूर्व के खेती के निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप मिलता है। इसीलिए वर्तमान परिस्थिति में खेती के बढते रकबा को देखते हुए लक्ष्य को पुनः निर्धारित किए जाने की आवश्यकता है। अध्यक्ष महोदय ने आश्वासन दिया कि वे अपने स्तर से इस पर कार्रवाई करेंगे तथा सुनिश्चित करेंगे कि बक्सर जिला का यूरिया का रेक बक्सर में ही निश्चित रूप से आवे। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण) की विस्तृत समीक्षा की गई। माननीय अध्यक्ष महोदय ने शहर में रह रहे बेघरों को आवास उपलब्ध कराने हेतु कार्यपालक पदाधिकारी बक्सर/डुमराँव को त्वरित कार्रवाई करने का निदेश दिया। मैट्रिक परीक्षा को देखते हुए माननीय अध्यक्ष महोदय ने बैठक को संक्षेप करते हुए कहा कि पुनः जल्दी ही दिशा की बैठक बुलाई जाएगी। जिसमें आज लिए गए निर्णय व आदेशों की समीक्षा व्यापक रूप से विभागवार की जाएगी। बैठक में श्री संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी माननीय विधायक सदर बक्सर, श्री विश्वनाथ राम माननीय विधायक राजपुर, पुलिस अधीक्षक बक्सर, उप विकास आयुक्त बक्सर, अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर/डुमराँव, जिला स्तरीय सभी विभागों के पदाधिकारीगण, विभिन्न कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंतागण, केन्द्रीय सरकार के विभिन्न विभागों के प्रतिनिधिगण, जिला अध्यक्ष जद (यू) एवं पूर्व माननीय मंत्री एवं विधायक राजपुर, एवं प्रमुखगण तथा विशेष आमंत्रित सदस्यगण उपस्थित थे।