बलिया। सिद्ध पीठ श्री हथियाराम मठ, उजियार घाट में आयोजित भव्य हरिहरात्मक महायज्ञ, श्रीराम कथा एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव अपने दिव्य और ऐतिहासिक स्वरूप के साथ निरंतर श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में संपन्न हो रहा है। जिस पावन उद्देश्य से यह महायज्ञ प्रारंभ किया गया था, उसी के अंतर्गत आज महालक्ष्मी अष्टभुजा माँ भवानी,नवदुर्गा,भगवान विष्णु-लक्ष्मी एवं शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा वैदिक रीति-विधान एवं मंत्रोच्चारण के मध्य अत्यंत धूमधाम से सम्पन्न हुई।
यह सम्पूर्ण अनुष्ठान प्रकांड विद्वान यज्ञाचार्य पंडित मथुरा प्रसाद जी के नेतृत्व में लगातार नौ दिनों तक चले वैदिक पूजन, नगर भ्रमण, हवन एवं 11 विद्वान पंडितों द्वारा दिन-रात किए गए मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत सम्पन्न हुआ।
इस पावन अवसर पर सिद्ध पीठ हथियाराम मठ उजियार के पीठाधीश्वर अनंत विभूषित महामंडलेश्वर स्वामी आत्म प्रकाश यति जी महाराज का वर्षों पुराना संकल्प सिद्ध हुआ। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी सोमेश्वर यति जी (हल्द्वानी), डॉ. रत्नाकर त्रिपाठी जी (कन्या विद्यालय), पूज्य स्वामी मधुर कृष्ण यति जी (जागेश्वर मठ वाराणसी ), पूज्य स्वामी अनंत प्रकाश यति जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं की पावन उपस्थिति रही।
प्राण प्रतिष्ठा में श्रद्धालुओं की सहभागिता
महालक्ष्मी अष्टभुजा माँ भवानी की प्राण प्रतिष्ठा श्रीमती विमलेश एवं राजेश गोयल द्वारा अपने सुपोत्रों चिरंजीव आर्यन एवं आद्विक की दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की मंगलकामना के साथ सम्पन्न कराई गई।
नवदुर्गा माँ के नौ स्वरूपों की प्राण प्रतिष्ठा भाई सुरेश गोयल एवं धर्मपत्नी श्रीमती कानन गोयल (गौमुख वर्ल्ड फाउंडेशन, सोनीपत )द्वारा श्रद्धा एवं भक्ति भाव से सम्पन्न हुई।
भगवान विष्णु एवं माँ लक्ष्मी के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा आदरणीय बड़ी बहन श्रीमती इंदू महाजन, पुत्र नलिन महाजन एवं पुत्रवधू नूपुर महाजन द्वारा सुधीर गुप्ता एवं संगीता बहन की उपस्थिति में सम्पन्न हुई।
उल्लेखनीय है कि यह पूरा परिवार पिछले कई पीढ़ियों से सिद्ध पीठ हथियाराम मठ की परंपरा एवं सेवा से जुड़ा हुआ है तथा मठ की स्थापना एवं विकास में उनका विशेष योगदान रहा है।
श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का विशेष योगदान
इस दिव्य आयोजन को सफल बनाने में सत्येंद्र नारायण सिंह मुखिया राजपूर , सुरेंद्र तिवारी (बक्सर), गुड्डू भाई एवं उनका परिवार, कामता प्रसाद जी का परिवार, पवन राय, श्रीमती ओम्पति धर्मपत्नी श्री ज्ञानचंद मित्तल नरवाना, श्रीमती अनीता एवं श्री अशोक सतरोडीया, दिल्ली,श्री अमृत सिंगला नरवाना तथा गाजीपुर, बलिया एवं बक्सर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं एवं स्वामी आत्म प्रकाश यति जी महाराज की शिष्य मंडलियों का विशेष योगदान रहा।
📖 राम कथा बना आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में प्रतिदिन आयोजित श्रीराम कथा का दिव्य वाचन प्रख्यात कथावाचक आचार्य श्री पौराणिक जी महाराज द्वारा किया जा रहा है। अपनी अमृतमयी वाणी के माध्यम से वे रामचरितमानस के आदर्शों को आम जनमानस के जीवन में उतारने का मार्ग सरल एवं प्रभावी रूप से प्रस्तुत कर रहे हैं। कथा में भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र, संबंधों की मर्यादा, धर्म एवं मानवता के संदेश को विशेष रूप से समझाया जा रहा है।
आगामी कार्यक्रम
10 मई — महायज्ञ की पूर्णाहुति
11 मई — विशाल भंडारा
आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस ऐतिहासिक एवं दिव्य आयोजन का पुण्य लाभ प्राप्त करें।
