गंगा नदी में बढ़ते जल स्तर के दृष्टिगत आज दिनांक 16 जुलाई 2025 को जिला पदाधिकारी बक्सर, डॉ० विद्यानन्द सिंह एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर, श्री शुभम आर्य के द्वारा संयुक्त रूप से रामरेखा घाट का सुरक्षा की दृष्टिकोण से निरीक्षण किया गया।
वर्तमान में गंगा नदी का जलस्तर 59.07 मीटर है। खतरे का निशान 60.32 मीटर है।
कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर को गंगा नदी में बढ़ते जल स्तर को देखते हुए सभी प्रमुख घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग, साइनेज आदि कराने का निदेश दिया गया।
प्रभारी पदाधिकारी जिला आपदा शाखा बक्सर को निर्देश दिया गया कि रामरेखा घाट एवं प्रमुख घाटों पर SDRF टीम को विशेष तौर पर प्रतिनियुक्ति करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल बक्सर को निर्देश दिया गया कि घाटों के किनारे सैंड बैग रखवाना सुनिश्चित करेंगे।
जिला पदाधिकारी बक्सर ने गंगा नदी में बढ़ते जल स्तर को देखते हुए नाव परिचालन पर पूर्णत: रोक लगाने का निर्देश दिया एवं अनुमंडल पदाधिकारी को निगरानी रखने हेतु निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन के द्वारा बाढ पूर्व तैयारियों के अंतर्गत सभी कार्रवाई यथा आश्रय स्थल, सम्पूर्ति पोर्टल का अद्यतीकरण, सामुदायिक किचेन, पेयजल, पशुओं के लिए चारा आदि एवं मानव एवं पशु के लिए सभी आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की गई है।
जिला पदाधिकारी द्वारा बक्सर के जिलावासियों से अनुरोध किया गया कि बाढ के प्रति सर्तक रहेंगे तथा अपने बच्चों को नदी के किनारे जाने से परहेज करेंगे।
निरीक्षण के क्रम में अपर समाहर्ता बक्सर, अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर, प्रखंड विकास पदाधिकारी बक्सर, अंचलाधिकारी बक्सर एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।