
रामनवमी पर्व 2022 के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु जिला दण्डाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर श्री नीरज कुमार सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से ब्रीफ किया गया है।*
जिला दण्डाधिकारी बक्सर ने सभी प्रतिनियुक्त को-ऑडिनेटर, दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल को निर्देश दिया कि अपने प्रतिनियुक्त स्थान पर दिनांक 09.04.2022 के पूर्वाहन 10:00 बजे से दिनांक 10.04.2022 तक अथवा स्थिति सामान्य होने तक प्रतिनियुक्ति स्थल पर बने रहेंगे तथा सभी प्रकार की निरोधात्मक कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि दिये गये दायित्वों के अतिरिक्त अपने अनुमण्डल पदाधिकारी के निदेशानुसार निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित रहकर जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न करवाना सुनिश्चित करेंगे। सभी संबंधित थानाध्यक्ष को निदेश दिया गया कि जुलूस के दौरान गश्ती दल की प्रतिनियुक्ति करते हुए संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं बल की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे एवं स्वयं भ्रमणशील रहकर इसका पर्यवेक्षण करेंगे। अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव उक्त कार्य का पर्यवेक्षण करेंगे एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु सभी आवश्यक कार्रवाई करेंगे। यदि उपरोक्त जुलूस के अतिरिक्त कोई अन्य जुलूस स्थानीय स्तर पर निकाला जाता है तो आवश्यकतानुसार दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करते हुए स्वयं इसका पर्यवेक्षण करना सुनिश्चित करेंगे।
जिला पदाधिकारी महोदय ने निर्देश दिया कि जुलूस के लिए पूर्व निर्धारित रूट परिवर्तित नहीं किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक महोदय ने संबंधित थाना के थानाध्यक्षों से रामनवमी पर्व के अवसर पर निकाले जाने वाले जुलूस के संबंध में जानकारी ली एवं संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिया।
कोई भी जुलूस बिना लाइसेंस के नहीं निकाला जाएगा। जुलूस का स्कॉट संबंधित थानाध्यक्ष सुनिश्चित कराएंगे। लाइसेंस जारी करते समय रूट पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिला दण्डाधिकारी बक्सर ने वितन्तु पर्यवेक्षक, क्षेत्रीय निरीक्षक, बिहार पुलिस रेडियो बक्सर को निर्देश दिया कि वे जिला के सभी प्रतिष्ठानों के वितन्तु सेंटों को राउण्ड दी क्लॉक दिनांक 09.04.2022 से दिनांक 10.04.2022 तक चालू रखेंगे।
जिला दण्डाधिकारी बक्सर ने परिचारी प्रवर, पुलिस केन्द्र बक्सर को निर्देश दिया कि ब्रज वाहन के साथ आधा दंगा पार्टी की प्रतिनियुक्ति बक्सर नगर थाना एवं आधा दंगा पार्टी डुमराँव थाना पर अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव के अधीन करेंगे जो निर्देशानुसार दिये गये कार्य का संपादन करेगा।
अग्निशमन पदाधिकारी बक्सर को निर्देश दिया गया कि मॉडल थाना, बक्सर/डुमराँव, थाना में एक-एक अग्निशमन वाहन तैयार हालत में रखेंगे, जो संबंधित अनुमण्डल पदाधिकारी के निदेशानुसार कार्य करेंगे।
कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल बक्सर को निर्देश दिया गया कि दिनांक 09.04.2022 से दिनांक 10.04.2022 तक विद्युत आपूर्ति निरंतर बनी रहें। सभी मार्गों मे लूज एवं नीचे लटके तारों की जाँच कराकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी बक्सर को निर्देश दिया गया कि जिला अस्पताल बक्सर, अनुमण्डलीय अस्पताल डुमराव तथा सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर सभी चिकित्सकों को पर्याप्त मात्रा में दवाईयों के साथ तैयार स्थिति में रखना सुनिश्चित करेंगे तथा जिला अस्पताल, बक्सर एवं अनुमण्डलीय अस्पताल डुमराँव में ऐम्बुलेंस तैयार हालत में रखना सुनिश्चित करेंगे।
रामनवमी पर्व 2022 के विधि-व्यवस्था के संधारण हेतु जिला नियंत्रण कक्ष बक्सर समाहरणालय परिसर अवस्थित कोषागार कार्यालय के उपरी तल पर संचालित आपदा शाखा का नियंत्रण कक्ष में कार्यरत रहेगा। जिसका दूरभाष संख्या 06183-223333 है। जिला नियंत्रण कक्ष के प्रभार में श्री श्रीयांश तिवारी, वरीय उपसमाहर्ता बक्सर मो0 (7748852202) रहेंगे।
अनुमण्डल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव सोशल मीडिया पर साईबर सेनानी व्हाटसअप ग्रुप के माध्यम से लगातार नजर बनाये रखेंगे एवं आवश्यकतानुसार विधि सम्मत कार्रवाई करेंगे।
विधि-व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में बक्सर अनुमण्डल के लिए अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर (मो0 9473191241)/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर (मो0 943800090) तथा डुमराँव अनुमण्डल के लिए अनुमण्डल पदाधिकारी डुमराँव (मो0 9473191242)/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी डुमराँव (मो0 9431800091) अपने-अपने अनुमण्डल के विधि-व्यवस्था के प्रभार में रहेंगे।
विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता बक्सर (मो0 9473191240) एवं पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) बक्सर (मो0 9431800092) रहेंगे।
रामनवमी पर्व 2022 के अवसर पर 54 स्टैटिक को-ऑडिनेटर/पुलिस पदाधिकारी, 24 सेक्टर दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी एवं 05 गश्ती दल दण्डाधिकरी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।