केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत विशेष शाखा में सिपाही भर्ती (सामान्य बंद संवर्ग) के लिए आयोजित लिखित परीक्षा को स्वच्छ, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।
अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर के अनुसार परीक्षा 24 जून 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी।
इसके लिए जिले में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें एम.पी. उच्च विद्यालय रामरेखा घाट, डी.ए.वी. स्कूल इटाढ़ी रोड, एम.वी. कॉलेज चरित्रवन, उच्च माध्यमिक विद्यालय अहिरौली, इंदिरा उच्च विद्यालय जेल रोड, आदर्श मध्य विद्यालय नया बाजार, उच्च माध्यमिक विद्यालय जासो, बिहार पब्लिक स्कूल अहिरौली, फाउंडेशन स्कूल इटाढ़ी रोड तथा संत मेरी उच्च विद्यालय नया बाजार शामिल हैं।
परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं भीड़ नियंत्रण के उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है।
जारी आदेश के अनुसार प्रतिबंधित क्षेत्र में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर रोक रहेगी। यह प्रतिबंध परीक्षार्थियों के अभिभावकों और मीडिया कर्मियों पर भी लागू होगा। वहीं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, परीक्षा कर्मी और पुलिस बल इससे मुक्त रहेंगे।
इसके अलावा प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी प्रकार के घातक हथियार या आग्नेयास्त्र लेकर चलने, जुलूस या प्रदर्शन करने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग तथा धूम्रपान पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि धार्मिक कार्यक्रमों, शवयात्रा और विवाह समारोहों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है।
प्रशासन ने सभी थानाध्यक्षों को निर्धारित तिथि पर पुलिस बल के साथ उपस्थित रहकर आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया है। साथ ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिस बल एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।