
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले चिकित्सक को किया जाएगा पुरस्कृत जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय सभागार में आहूत की गई। बैठक में जिला के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों के जरिए आम लोगों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधा की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी महोदय ने बैठक में अपने सम्बोधन में कहा कि उपलब्ध संसाधनों से अधिकतम स्वास्थ्य सुविधा आमजनों को उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग का प्रमुख लक्ष्य होना चाहिए। सर्वप्रथम सदर अस्पताल, अनुमण्डलीय अस्पताल, प्रखण्ड स्तरीय प्राथमिक स्वास्थय केन्द्र, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर नियुक्त चिकित्सकों के द्वारा ओ0पी0डी0 के जरिए दी जा रही चिकित्सकीय सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई। सिविल सर्जन बक्सर के द्वारा जानकारी दी गई कि जिला में चिकित्सकों के नियुक्ति की कुल संख्या 132 है। जिसमें 102 चिकित्सक ही कार्यरत है। शेष चिकित्सक विभिन्न कारणों से अनुपस्थित हैं। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा उपस्थित सभी चिकित्सकगणों को अपने-अपने कर्तव्यस्थलों पर समयानुसार उपस्थित रहने का सख्त निदेश दिया गया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि उनके क्षेत्र भ्रमण के दौरान अकारण अनुपस्थित चिकित्सकों पर सख्त अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में टीम गठित करने की धोषणा करते हुए कहा कि गठित सभी चिकित्सकों का समान रूप से रोस्टर बनाएगी ताकि किसी भी चिकित्सक पर कार्य का अनावश्यक बोझ न पडे़। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर निपुण ए0एन0एम0 की प्रतिनियुक्ति करने का आदेश भी सिविल सर्जन को दिया गया। जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी चिकित्सकों को स्टॉक में उपलब्ध दवाओं के नाम लिखने को प्राथमिकता देने को कहा। अगर दवा जिसे लिखना आवश्यक हो और स्टॉक में उपलब्ध नहीं है, तो उसका नाम लिखने के साथ यह जरूर लिखे कि दवा फिलहाल स्टॉक में उपलब्ध नहीं है। जेनरिक दवाओं के नाम लिखने को प्राथमिकता देने को भी निदेशित किया गया। कर्तव्यनिष्ठता एवं कार्यकुशलता को बढ़ावा देने के लिए जिला पदाधिकारी महोदय ने चिकित्सकों की रैकिंग विभिन्न मापदण्डो पर तैयार करने का निदेश दिया। प्रत्येक महीने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले चिकित्सक को जिला स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। इसी प्रकार ए0एन0एम0 को भी कार्यकुशलता के आधार पर विभिन्न कैटिगरी में विभक्त कर विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रतिभा के अनुसार पोसि्ंटग की जाएगी। अंत में जिला पदाधिकारी महोदय ने सबों को टीम भावना से प्रेरित होकर अपना सर्वश्रेष्ठ देने को कहा ताकि सरकार का आमजनों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य पूरा हो सके। बैठक मे उप विकास आयुक्त बक्सर श्री योगेश कुमार सागर, सिविल सर्जन बक्सर, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, सभी प्रखण्डों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्वास्थ्य, यूनिसेफ एव केयर के प्रतिनिधिगण आयुष के चिकित्सगण एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मीगण उपस्थित थे।