Sun. Apr 19th, 2026

अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में अपना उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं, पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों को सम्मानित करने हेतु आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर पुलिस अधीक्षक बक्सर ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्जवलित करके किया। इस अवसर पर अपने उद्बोधन की शुरूआत जिला पदाधिकारी महोदय ने अपने स्वलिखित रचना से की “किस्मतों के रंगों को रूह का सहारा दे दे, पिंजरे की बंदिशों को मन की उड़ान दे दे, क्यूँ तू भूल रही, तू दुर्गा तु काली, पर क्यूँ तु सीता है कि लक्ष्मण करे तेरी रखवाली।” उन्होंने कहा कि नारी को रूढ़िवादिता सोच से बाहर निकलने की आवश्यकता है। नारी जितनी अधिक शिक्षित होगी उतनी ही मुखर होगी। उन्होंने कहा कि आज समय बदल चुका है, महिलाएँ सभी क्षेत्रों में पुरूषों से कंधा से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं। आज की महिला किसी भी मायने में पुरूषों से कमतर नहीं आँकी जा सकती हैं। प्रशासन, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, वकालत, सेना के तीनों विंग, खेल, पत्रकारिता, सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में, राजनीतिक नेतृत्वकर्ता आदि जैसी अनेकोनेक विधाओं में महिलाओं ने अपनी श्रेष्ठता कायम की है। आधी आबादी अब उड़ान भरने को तैयार है। यह समाज के लिए सकारात्मक बदलाव को दर्शाता है। अब सही मायने में समाज तरक्की के पथ पर अग्रसर है। समाज के लिए यह सुखद है कि आज की नारी सभी विधाओं में अपनी सर्वश्रेष्ठता स्थापित कर रही है। आज के समारोह में महिला प्रशासनिक पदाधिकारी, पुलिसकर्मी, समाहरणालय में कार्यरत कर्मी, चिकित्सक, नर्स, आशाकर्मी, सेविका, सफाईकर्मी, वकील, सामाजिक कार्यकर्ता, खिलाड़ी को सम्मानित किया गया। महिला विकास निगम, बिहार, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन बक्सर द्वारा जिला बक्सर में सखी वन स्टॉप सेन्टर सह महिला हेल्पलाईन के संचालित होने की जानकारी दी गई। बताया गया कि महिला हेल्पलाइन का दायित्व विभिन्न प्रकार की प्रताड़नाओं एवं अत्याचार से पीड़ित महिलाओं को राहत पहुँचा कर उनके पुनर्वास की सुविधा प्रदान करना है। “सखी, वन स्टॉप सेन्टर सह महिला हेल्पलाइन” द्वारा परामर्शी सेवा पीड़ित महिलाओं को निःशुल्क वैधानिक सहायता, अल्पावधि के लिए प्रताड़ित महिलाओं के आश्रय का प्रबन्ध एवं सहयोग, आवश्यकतानुसार पीड़ित महिलाओं की चिकित्सकीय सहायता, सूचक महिला के प्रति अपराध के संबंध में थाना में प्रथम सूचना प्रतिवेदन FIR दर्ज करने में सहयोग, समस्याओं के निदान में सम्पर्क सूत्र के रूप में दायित्वों का निर्वाह आदि सेवाएँ प्रदान की जाती है। साथ ही दहेज प्रताड़ना से पीड़ित महिलाओं को भी “सखी वन स्टॉप सेन्टर सह महिला हेल्पलाईन” द्वारा सहायता दी जाती है। आज के समारोह में हॉकी की अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी पूजा कुमारी, बुशु की राष्ट्रीय खिलाड़ी नेहा कुमारी, कबड्ढी की खिलाड़ी एवं एन0सी0सी0 कैटेड मोहनी कुमारी, हॉकी की नेशनल खिलाड़ी प्राँजल सिंह, कबड्ढी की खिलाड़ी सुमन एवं दिव्यांग कलाकार (पेन्टिंग) विनीता राय को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर तीन तरह की प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। पेन्टिंग प्रतियोगिता में कोविड-19 में परिपेक्ष्य में महिलाओं की भूमिका विषय रखा गया। क्वीज एवं “बूझो तो जानो” प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। समारोह में उप विकास आयुक्त बक्सर श्री योगेश कुमार सागर, अपर समाहर्ता-सह-लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बक्सर, स्थापना उप समाहर्ता बक्सर, नजारत उप समाहर्ता बक्सर,निदेशक डी0आर0डी0ए0, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग पदाधिकारी, महिला हेल्पलाइन केन्द्र प्रशासक एवं समाहरणालय सवंर्ग के कर्मीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!