Mon. Oct 26th, 2026

जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर के द्वारा दीप प्रज्वलित कर जिला स्तरीय रवि महाअभियान 2021 का शुभारंभ संयुक्त कृषि भवन बक्सर में किया गया। प्रसार कर्मियों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री अमन समीर ने कहा कि सभी प्रसार कर्मियों को संबंधित विभाग की योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के साथ-साथ किसानों के फीडबैक को भी लेना चाहिए ताकि बेहतर ढंग से सरकारी योजनाओं का उपयोग हो सके। उन्होंने आगामी दिनों में आत्मा द्वारा प्रकाशित होने वाले पत्रिका पर चर्चा करते हुए कहा कि इस पत्रिका में किसानों को बेहतर कृषि यंत्रों, उन्नतशील बीजों, नई तकनीकों के संबंध में जानकारी एवं कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट किसानों की सफलता की कहानी लिपिबद्ध की जाएगी एवं इस पत्रिका का प्रकाशन त्रैमासिक होगा। जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि 1 नवंबर से धान अधिप्राप्ति प्रारंभ होगी। इससे पहले कृषि विभाग के सभी प्रसार कर्मी धान अधिप्राप्ति से संबंधित पोर्टल पर 30 हजार से अधिक किसानों का पंजीकरण करें जिससे छोटे स्तर पर उत्पादन करने वाले किसानों को भी इस योजना का लाभ मिल सके। पराली समस्या के बारे में जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि सभी कृषि समन्वयक एवं कृषि सलाहकार किसान चौपाल पर किसानों को पराली से होने वाले नुकसान एवं पर्यावरण को होने वाले क्षति के संबंध में स्पष्ट रूप से जानकारी दें तथा यह भी बताएं कि इस समस्या का समाधान किस तरह से किया जाए। साथ ही जिला पदाधिकारी महोदय ने जिला कृषि पदाधिकारी को कहा कि सभी एडवांस कृषि यंत्रों का एक वीडियो बनाएं तथा इस वीडियो के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराएं। जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ-साथ कमर्शियल कृषि जैविक खेती एवं जलवायु परिवर्तन अनुकूल खेती करने के लिए प्रोत्साहित करें। उप विकास आयुक्त योगेश कुमार सागर ने कहा कि आत्मा द्वारा कृषि एवं कृषि से संबंध विषय पर कार्य योजना तैयार कर राज्य के बाहर, अंदर, जिला के अंदर प्रशिक्षण कराया जाना है। इसके अंतर्गत जिला स्तरीय रवि कार्यशाला का आयोजन सार्थक प्रयास है। राज्य से नामित नोडल पदाधिकारी संयुक्त निदेशक (शस्य) मुख्यालय बिहार पटना डॉक्टर बृजेश कुमार ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्व में संचालित सभी योजनाओं को वर्तमान में टाइम लाइन के अनुसार संचालित किया जाएगा जिसमें सभी योजनाएं निश्चित समयावधि के अनुसार ऑनलाइन क्रियान्वित होंगी। मौसम आधारित फसल अथवा यंत्र का मांग समाप्त होने पर सॉफ्टवेयर स्वत: बंद हो जाएगा जिससे किसानों को समय अनुसार बीज यंत्र तथा अनुदान मिल जाएगा। कार्यक्रम के दौरान वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय डुमराव के कृषि विशेषज्ञ डॉक्टर उदय कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी बक्सर, जिला पशुपालन पदाधिकारी बक्सर, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण श्री गिरिराज कुमार सहायक निदेशक कृषि अभियंत्रण श्रीमती प्रियंका कुमारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!