बक्सर। इस्कॉन मंदिर, पड़री (बक्सर) के तत्वावधान में आयोजित श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दिव्य रथ का दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन एवं जयघोष से संपूर्ण नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
महोत्सव के उद्घाटन समारोह का शुभारंभ पूज्य गंगापुत्र श्री त्रिदंडी स्वामी जी महाराज, बक्सर एवं बक्सर के माननीय सांसद सुधाकर सिंह के करकमलों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा माता की भव्य महाआरती की गई।अपने आशीर्वचन में उन्होंने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि प्रेम, सेवा, समरसता एवं विश्व बंधुत्व का संदेश देने वाला महापर्व है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से सनातन संस्कृति के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर इस्कॉन क्षेत्र प्रमुख श्री कृष्ण कृपा दास, इस्कॉन मंदिर, पड़री (बक्सर) के प्रबंधक श्री राजा गोविंद दास, इस्कॉन मंदिर, नोएडा से पधारे स्वामी कन्हाई दास, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री भुवन सिंह, राजद जिलाध्यक्ष श्री शेषनाथ सिंह यादव, चैंबर ऑफ कॉमर्स, बक्सर के जिलाध्यक्ष श्री सत्यदेव जी, श्री नंदजी जायसवाल , रोहतास गोयल,बबन सिंह, सुरेश राय सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
महोत्सव के आयोजन संयोजक शिक्षाविद् एवं समाजसेवी तथा इस्कॉन मंदिर, बक्सर प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य डॉ. रमेश कुमार ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि श्री जगन्नाथ रथ यात्रा भारतीय संस्कृति की लोकमंगल परंपरा का प्रतीक है, जो समाज में प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संचार करती है। सभी उपस्थित विशिष्ट अतिथियों का अ
अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में इस्कॉन मंदिर, बक्सर कार्यकारिणी सदस्य श्री ओंकार दास, प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य एवं समाजसेवी श्री रोहतास गोयल, श्री सुरेश राय, श्री बबन सिंह, श्री ओंकार गुप्ता, श्री अरविंद सिंह, श्री विकास यादव, ई. राहुल, ई. प्रेम प्रकाश ओझा सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवा भक्तगण एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग में पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। हरिनाम संकीर्तन एवं नृत्य-कीर्तन के साथ रथ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं शीतल पेय की व्यवस्था की गई। अंत में गोयल धर्मशाला में महाप्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का समापन हुआ।
कार्यक्रम के अंत में इस्कॉन मंदिर, पड़री (बक्सर) परिवार ने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, मीडिया प्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों एवं श्रद्धालुओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।