बक्सर,
जिला प्रशासन के संज्ञान में आया है कि सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल माध्यमों के माध्यम से “RTO e-Challan” नामक एक अधिकृत न होने वाला (unauthorised) APK फाइल प्रसारित किया जा रहा है, जो आम नागरिकों को भ्रमित कर रहा है।
जिला प्रशासन स्पष्ट करता है कि RTO e-Challan अथवा किसी भी सरकारी सेवा के लिए किसी भी प्रकार का APK फाइल डाउनलोड करने या इंस्टॉल करने की कोई अधिकृत व्यवस्था नहीं है। सभी वैधानिक चालान एवं परिवहन विभाग से संबंधित सेवाएं केवल भारत सरकार एवं बिहार सरकार द्वारा अधिकृत आधिकारिक पोर्टल अथवा मोबाइल ऐप के माध्यम से ही संचालित की जाती हैं।
उक्त APK के माध्यम से नागरिकों के मोबाइल फोन में डाटा चोरी, साइबर ठगी अथवा वित्तीय धोखाधड़ी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। इस संबंध में साइबर थाना, बक्सर को विधिसम्मत कार्रवाई एवं स्रोत की पहचान हेतु सूचित कर दिया गया है तथा तकनीकी एजेंसियों के माध्यम से उक्त APK को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
जिला प्रशासन आम नागरिकों से अपील करता है कि वे किसी भी अज्ञात या अनधिकृत APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें तथा केवल अधिकृत सरकारी वेबसाइट या ऐप का ही उपयोग करें। किसी भी संदिग्ध लिंक, ऐप अथवा संदेश की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या साइबर सेल को दें।