
बक्सर, 25 दिसम्बर।
तुलसी पूजन दिवस के अवसर गंगा समग्र बक्सर के जिला इकाई द्वारा रविवार को किला मैदान स्थित ‘गंगा समग्र उद्यान’ में तुलसी पौधे का विधिवत् पूजन कर लोगों को तुलसी की महिमा का संदेश दिया गया। इस मौके पर गंगा समग्र द्वारा स्थापित उद्यान में तुलसी पौधों का विधिवत् मंत्रोच्चार सहित पूजन एंव परिक्रमा किया गया। इस अवसर पर गंगा समग्र के विभाग संयोजक हरिशंकर गुप्ता मुख्य रुप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गंगा समग्र के जिला संयोजक अजय वर्मा व संचालन गंगा समग्र के पूर्व जिला कोषाध्यक्ष सुरेश संगम ने किया।
इस मौके पर गंगा समग्र का उद्देश्य और तुससी की महिमा का जिक्र करते हुए जिला संयोजक अजय वर्मा ने बताया कि गंगा समग्र पिछले कई वर्षों से गंगा संरक्षण, सहायक नदी, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, जल निकास, जैविक कृषि, चिकित्सा, विधि, शिक्षण सहित कुल 15 आयामों पर कार्य करती आ रही है । इसी क्रम में आज तुलसी पूजन दिवस के मौके पर गंगा समग्र द्वारा तुलसी के पौधों का रोपण व पूजन किया गया।
मौके पर सुरेश संगम ने बताया कि हिन्दू पुराणों में तुलसी का काफी महत्व बताया गया है. पद्मपुराण, ब्रह्मवैवर्त, स्कंद पुराण, भविष्य पुराण और गरुड़ पुराण में तुलसी के पौधे की कई विशेषताएं बताई गई है. मान्यता है कि भगवान विष्णु और भगवान कृष्ण की पूजा तुलसी के बिना अधूरी मानी जाती है. कहा जाता है कि तुलसी दल का भोग हनुमान जी को लगाया जाता है. हनुमान जी को तुलसी अति प्रिय है. ऐसा भी कहा जाता है कि तुलसी का पौधा घर के आंगन में लगाने से पिछले जन्म के सारे पाप नष्ट हो जाते हैं। तुलसी पूजन, तुलसी रोपण व तुलसी धारण करने से मनुष्य के पाप नष्ट होते हैं।
वहीं विभाग संयोजक हरिशंकर गुप्ता ने बताया कि तुलसी के पौधे में धन की देवी मां लक्ष्मी का वास होता है। ऐसी मान्यता है कि प्रतिदिन तुलसी की पूजा करने के घर में समृद्धि आती है और आर्थिक परेशानियां कम हो जाता है। तुलसी के पौधे को बहुत ही पवित्र माना गया है, इसे घर के आंगन में भी लगाने का फल बताया गया है। तुलसी का पूजन स्वर्ग और मोक्ष के द्वार खोलते हैं। भूत, प्रेत, पिशाच, ब्रम्हराक्षस, दैत्य आदि सब तुलसी के पौधे से दुर भागते हैं। उन्होंने बताया कि पद्मपुराण के अनुसार तुलसी के पत्ते से टपकता हुआ जल यदि मनुष्य अपने सिर पर लगाता है, तो इतना करने भर से मनुष्य को गंगा स्नान और 10 गौदान का फल मिल जाता है।
कार्यक्रम के अंत में सामुहिक रुप से गंगा को स्वच्छ रखने का संकल्प भी दिलाया गया।
तुलसी पूजन कार्यक्रम में गंगा समग्र के विभाग संयोजक हरिशंकर गुप्ता, जिला संयोजक अजय वर्मा, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष सुरेश संगम, रामलीला समिति के सचिव बैकुंठ नाथ शर्मा, रामलीला समिति के उप सचिव गिरधारी अग्रवाल, शेषनाथ तिवारी, निर्मल कुमार पांडेय, कृष्ण कुमार वर्मा, उदय सर्राफ जोखन, तुषार राज, अनिकेत कुमार, आर्यन जायसवाल सहित अन्य लोग भी मुख्य रूप से शामिल थे।