Tue. Aug 11th, 2026

गंगा समग्र ने मनाया गंगा पुत्र “भीष्म” की जयंती, कहा – गंगा की निर्मलता और अविरलता को लेकर करें संकल्प

गंगा समग्र बक्सर जिला इकाई द्वारा गंगापुत्र भीष्म पितामह जयंती को संकल्प दिवस के रुप में मनाया गया। इसको लेकर पदाधिकारियों द्वारा स्थानीय सती घाट पर गंगा पुत्र भीष्म की जयंती को उत्साह पूर्वक मनाई गयी। कार्यक्रम की अध्यक्षता गंगा समग्र के जिला संयोजक अजय वर्मा ने की । इस अवसर पर गंगा समग्र के विभाग संयोजक हरिशंकर गुप्ता भी मुख्य रूप से मौजूद थे। भीष्म पितामह की जयंती समारोह की शुरुआत गंगा-गीत के साथ हुआ। उसके बाद भीष्म पितामह के तैलचित्र पर पूजन कर उनकी प्रतिमा के समक्ष गंगा की स्वच्छता एवं अविरलता हेतु सामुहिक रुप से संकल्प लिया गया।
इस मौके पर गंगा समग्र के विभाग संयोजक हरिशंकर गुप्ता ने बताया कि ‘भीष्म जयंती’ माघ कृष्ण नवमी को मनाया जाता है। गंगा समग्र पूरे भारत में आज “भीष्म पितामह” की जयंती मना रहा है। उन्होंने कहा कि हम सभी इस बात से अवगत है कि “भीष्म” पितामह गंगा पुत्र थे और उनके द्वारा ली गई प्रतिज्ञा जग विख्यात है।इसको लेकर गंगा समग्र पूरे जिले में “भीष्म” की जयंती को संकल्प दिवस के तौर पर मना रही है । जिसमें कार्यकर्ताओं द्वारा गंगापुत्र भीष्म को साक्षी मानकर गंगा की निर्मलता और अविरलता के लिए संकल्प भी लिया गया ।
हरिशंकर गुप्ता ने आगे बताया कि गंगा समग्र गंगा के तटवर्ती 5 किलोमीटर दोनों तरफ पंचायतों को गंगा ग्राम मानकर संगठन खड़ा कर रहा था, अब गंगा समग्र गंगा की जहां जहां उसकी सहायक नदियां है वहां पर भी अपना संगठन खड़ा कर रहा है। गंगा के करीब पूरे देश में 25000 सहायक नदियां हैं।अगर गंगा को स्वच्छ और निर्मल रखना है तो इसकी सहायक नदियों को भी स्वच्छ और निर्मल करना होगा। उनको गहरा कर पानी के बहाव को भी ठीक करना होगा।
वहीं गंगा समग्र के जिला संयोजक अजय कुमार वर्मा ने बताया कि गंगा समग्र कुल 15 आयामों पर काम कर रहा है जैसे गंगा आरती, घाट स्वच्छता, वृक्षारोपण, जैविक-कृषि, तालाब (गंगा सरोवर), एस टी पी (नाला), गंगा आश्रित, शिक्षण संस्था, सहायक नदी, एसटीपी (नाला) सहित अन्य आयामों पर भी काम कर रहा है।
इसका मकसद जनता को गंगा के प्रति जागरूक करना और गंगा हमारी सभ्यता संस्कृति और विरासत की प्रतीक है इस नाते हम सभी का यह पावन कर्तव्य है कि मां गंगा को अविरल और निर्मल स्वच्छ रखें ताकि आने वाले समय में अगली पीढ़ी इसे न भूले। इस अवसर पर गंगा को स्वच्छ रखने का सामुहिक संकल्प भी लिया गया और लोगों से भी संकल्प लेने के लिए प्रेरित भी किया गया। साथ ही घाट के किनारे बसे लोगों से भी गंगा में गंदगी न फैलाने का आग्रह भी किया गया। इस दौरान लोगों से भी गंगा समग्र के अभियान में जुड़ने की अपील की गई।
कार्यक्रम में डा0 ओमप्रकाश केशरी “पवननंदन”, गणेश सिंह, पवन तिवारी, युवराज आनंद, जियाउद्दीन अंसारी, शीला देवी, अनिता देवी, तुषार राज गुप्ता, अनिकेत राज, दुर्गेश पाठक, रौशन कुमार, नीरज कुमार, अंकित कुमार, विकास शर्मा, सुमंत कुमार सहित अन्य लोग भी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!