Sat. Jun 6th, 2026

जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में कार्य संस्कृति एवं समन्वय की साप्ताहिक समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय बक्सर के सभागार में आहूत की गई। सर्वप्रथम विधि शाखा के प्रभारी पदाधिकारी से जिले के सभी विभागों से संबंधित कोर्ट केस मामलों की समीक्षा की गई। सभी एम0जे0सी0 एवं सी0डब्लू0जे0सी0 मामलों की विभागवार गहन समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने जल्द से जल्द तथ्य विवरणी एडवोकेट से बनवाकर हाइकोर्ट में शपथ लेने का निदेश दिया। वैसे विभागों के पदाधिकारी जो बैठक में विभिन्न कारणवश अनुपस्थित थे, उन विभागों के प्राधिकृत पदाधिकारी व कर्मी को कोर्ट केस के पूरे तथ्यों की जानकारी के साथ बैठक में आने को कहा गया। संबंधित विभाग के पदाधिकारी से स्पष्टीकरण भी पूछने का निदेश दिया गया। लोकायुक्त से संबंधित मामलों की विस्तार से समीक्षा के क्रम में जल्द से जल्द मामलों पर तथ्यात्मक विवरणी भेजने हेतु निदेशित किया गया। जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी महोदय ने मामलों को तथ्यात्मक ढंग से निवारण करने का निदेश दिया। सिर्फ खानापूर्ति कर मामलों के निष्पादन से परहेज करने को कहा गया। जिला आई0टी0 प्रबंधक ने बैठक में जानकारी दी कि वर्तमान में कुल 7269 मामलें आर0टी0पी0एस0 के तय समय सीमा से एक्सपायर्ड हो गये है। इस पर जिला पदाधिकारी महोदय ने अनुमण्डल पदाधिकारीगणों को अनुश्रवण कर मामले को निष्पादित करने का निदेश दिया। पी0एच0ई0डी0 के कार्यपालक अभियंता को जर्जर पाइपों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मति करवाने का निदेश दिया। कार्यपालक अभियंता पथ प्रमण्डल को अपने विभागीय सभी सड़कों का निरीक्षण कर प्रतिवेदन दो दिनों के अंदर देने का निदेश दिया गया। बैठक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बक्सर, अनुमण्डल पदाधिकारी डुमराँव एवं सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!