Sat. Jun 6th, 2026

जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में जिला में सामाजिक सुरक्षा के तहत चलाए जा रहे पेंशन योजनाओं एवं अनुदान योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा सत्र जिला समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित की गई थी। जिसका समन्वयन सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा बक्सर द्वारा किया गया। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी बक्सर, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आई0सी0डी0एस0 बक्सर, समन्वयक, कॉमन सर्विस सेन्टर, प्रभारी जिला बुनियाद केन्द्र बक्सर सम्मिलित थे। साथ ही अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर, अपर अनुमण्डल पदाधिकारी डुमराँव एवं जिला के सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों को त्वरित गति से छुटे हुए पेंशनधारियों का आँकड़ा सामाजिक सुरक्षा कोषांग बक्सर को उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया। मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह अनुदान योजना एवं अंतर्जातीय विवाह योजना के आवेदनों का जाँच प्रतिवेदन भी 15.11.2020 तक उपलब्ध कराने का सख्त निदेश प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों को दिया गया। सामाजिक सुरक्षा के अन्तर्गत चलाए जा रहे सभी योजनाओं यथा- इंदिरा गाँधी वृद्वावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री वृद्वजन पेंशन, इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बिहार निःशक्तता पेंशन, इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन, बिहार शताब्दि कुष्ठ कल्याण योजना, राष्ट्रीय एवं मुख्यमंत्री परिवार लाभ योजना तथा कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा निदेशित किया गया कि संवेदना के साथ इन योजनाओं पर कार्य करें। जिससे कि आवेदक जल्दी एवं बिना किसी परेशानी के लाभान्वित हो सके। दिव्यांगजनों के राशन कार्ड एवं रेलवे पास बनाने में होने वाली कठिनाईयों के मद्देनजर भी संबंधितों को निदेशित किया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त बक्सर श्री योगेश कुमार सागर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!