
जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में जिला कृषि टास्क फोर्स की बैठक समाहरणालय स्थित सभागार में आहूत की गई।**जिला पदाधिकारी महोदय के द्वारा माह अगस्त 2022 में वर्षापात का अवलोकन किया गया। जिसके आलोक में जिला कृषि पदाधिकारी बक्सर द्वारा अवगत कराया गया कि 31 अगस्त 2022 तक विचलन प्रतिशत 47.68 है।**जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रभावित पंचायतों के प्रतिवेदन का अवलोकन किया गया तथा साथ ही नोडल पदाधिकारी बक्सर जिला में बक्सर प्रखंड में करहंसी तथा चक्की, सिमरी एवं ब्रह्मपुर प्रखंडों में कृषि समन्वयको से प्राप्त प्रतिवेदन में प्रभावित रकबा का पुनः अपने स्तर से सर्वेक्षण कर प्रतिवेदन जिला कृषि पदाधिकारी बक्सर को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।**जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा डीजल अनुदान का अवलोकन किया गया। जिसमें ब्रह्मपुर प्रखंड के निमेज एवं गहोना पंचायत के कृषि समन्वयक द्वारा डीजल अनुदान आवेदन का समय से निष्पादन नहीं करने पर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी डुमराव को अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का आदेश दिया गया तथा नावानगर प्रखंड के आथर, अतिमी राजपुर प्रखंड के हरपुर एवं देवढिया पंचायत के नोडल पदाधिकारी द्वारा निर्धारित समय से पूर्व आवेदन का निष्पादन कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।**कार्यपालक अभियंता नलकूप विभाग द्वारा बताया गया कि नलकूप मरम्मत हेतु 19.5 लाख रुपए के विरुद्ध 17.9 लाख रुपए कुल 66 नलकूप मरम्मत हेतु पंचायत सचिव मुखिया के खाते में राशि उपलब्ध करा दी गई है तथा शेष में कार्यवाही चल रही है। समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा कार्यपालक अभियंता नलकूप विभाग बक्सर को निर्देश दिया गया कि पंचायत प्रतिनिधियों को भेजे गए आदेश की छाया प्रति उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।**कार्यपालक अभियंता विद्युत विभाग बक्सर द्वारा बताया गया कि शाम के समय पूरे बिहार में विद्युत क्षमता की समस्या बनी हुई है। जिस पर जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा कार्यपालक अभियंता विद्युत विभाग बक्सर को निर्देश दिया गया कि कृषि फीडर केसथ, एकरासी, मुरार, उनवॉस, रानीसागर, प्रतापसागर, गायघाट एवं बीएमपी 4 में विद्युत आपूर्ति बढ़ाने का प्रयास करना सुनिश्चित करेंगे।**जिला पदाधिकारी बक्सर द्वारा समीक्षा के क्रम में बताया गया कि काव नदी का जीर्णोद्धार किया जाए ताकि अधिक पानी होने पर निकास एवं आवश्यकतानुसार केसठ, डुमराव,नावानगर प्रखंड के आथर पंचायत के कृषकों को सिंचाई करने हेतु लाभान्वित किया जा सके। जिसके लिए जिला कृषि पदाधिकारी बक्सर एवं कार्यपालक अभियंता सोन नहर, गंगा पंप बक्सर/चौसा को 10 सितंबर के पश्चात निरीक्षण हेतु तिथि निर्धारित करने का सुझाव दिया गया।**बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी बक्सर, कार्यपालक अभियंता नलकूप विभाग बक्सर, कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल बक्सर, कार्यपालक अभियंता सोन नहर एवं कार्यपालक अभियंता गंगा पंप नहर उपस्थित थे।