
जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर श्री नीरज कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति एवं मद्य निषेध, खनन, विधि व्यवस्था, लोक शिकायत एवं लोक सेवा केंद्र की समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय स्थित सभागार में आहूत की गई।**बैठक में होली पर्व 2022 एवं शब ए बरात 2022 के अवसर पर विधि व्यवस्था के संबंध में निम्नलिखित निर्देश दिया गया: -**ऑटो रिक्शा, ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों के द्वारा अश्लील गाना बजाने पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। सभी थानाध्यक्ष, अंचलाधिकारी एवं परिवहन पदाधिकारी को ऐसे वाहन जिसमें अश्लील गाना बजाया जा रहा हो उन पर दंडात्मक करवाई करने का निर्देश दिया गया।**पुलिस अधीक्षक महोदय ने बताया कि डीजे के मालिकों को डीजे बजाने के लिए थाना स्तर पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। सभी संवेदनशील स्थानों पर मोटरबाइक पेट्रोलिंग, सादे वर्दी में पुलिस की व्यवस्था रहेगी। सभी थानाध्यक्ष एवं अंचलाधिकारी कब्रिस्तान/मस्जिद/होलिका दहन स्थल की मैपिंग कर प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया जिससे सुरक्षात्मक व्यवस्था की जा सके।**जिला पदाधिकारी महोदय ने कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर को लाइटिंग की पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया।**मद्य निषेध के संबंध में जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि मद्य निषेध एवं पुलिस की टीम सक्रिय रहेगी। ड्रोन के माध्यम से हॉट स्पॉट क्षेत्रों एवं गंगा के तटवर्ती किनारों के अलावा अन्य स्थानों पर भी निगरानी रखी जाएगी। सभी संबंधित थानाध्यक्ष, अंचलाधिकारी, निरीक्षक मद्य निषेध को धावा दल के रूप में गठन किया गया है एवं धावा दल को चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में नियमित अंतराल पर छापेमारी करने का निर्देश दिया गया।**देवल पुल, चौसा, वीर कुंवर सिंह सेतु पर निरंतर निगरानी रखने का सख्त निर्देश दिया गया। साथ ही मद्य निषेध की नीति को सफल क्रियान्वयन हेतु नदी क्षेत्रों में नाव गश्ती कराने का निर्देश दिया गया।**खनन विभाग की समीक्षा के क्रम में राजस्व वसूली की समीक्षा की गई और शेष राजस्व वसूली के लिए खनन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया। सभी संबंधित थानाध्यक्ष, अंचलाधिकारी, खनन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी एवं परिवहन पदाधिकारी को समन्वय बनाते हुए अवैध बालू खनन पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।**लोक शिकायत एवं लोक सेवा केंद्र की समीक्षा की गई और संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।**बैठक में उप विकास आयुक्त बक्सर, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बक्सर, जिला परिवहन पदाधिकारी बक्सर, अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर, जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्यगण उपस्थित थे।