
कस्टम हायरिंग सेंटर किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगा-जिला कृषि पदाधिकारीबक्सर: जिले के संयुक्त कृषि भवन के सभागार में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम कस्टम हायरिंग सेंटर पर आधारित था। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कृषि पदाधिकारी श्री मनोज कुमार द्वारा किया गया। डीएओ श्री मनोज कुमार ने कहा कि दिनांक 06 सितंबर से 07 सितंबर तक जिले के छः समूह तथा दो प्रगतिशील किसान को शामिल कर प्रथम बैच के रुप में कस्टम हायरिंग सेंटर के संचालनकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उदेश्य कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से कृषक उद्यमी को अधिकाधिक आय का सृजन तथा छोटे/सीमान्त कृषक जो यंत्र खरीदने में सक्षम नहीं है, इस सेंटर के माध्यम से कृषि यंत्र किराये पर लेकर अपनी खेती को लाभदायक बनाना है।क्या है कस्टम हायरिंग सेंटर:खेतीबाड़ी और बागवानी के क्षेत्र में कृषि यंत्रों की अहम भूमिका होती है, लेकिन कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण छोटे किसान महंगे कृषि यंत्रों को नहीं खरीद पाते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए किसानों को सौगात के रुप में कस्टम हायरिंग सेंटर योजना का शुभारम्भ किया गया। इसके तहत कस्टम हायरिंग सेंटर में अनुदानित दर पर महॅंगे कृषि यंत्र उपलब्ध कराये जाते हैं। कस्टम हायरिंग सेंटर के संचालनकर्ता किरायें पर महंगे कृषि यंत्रों को आर्थिक रुप से कमजोर किसानों को उपलब्ध कराते हैं। इस प्रणाली से जुड़कर किसान खेती में आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रयोग कर आशातीत उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक(कृषि अभियंत्रण),बक्सर द्वारा किया गया। प्रशिक्षणकर्ता के रुप में केवीके के वैज्ञानिक डाॅ देवकरण एवं डाॅ मंधाता सिंह तथा बीर कुॅंवर सिंह कृषि महाविद्यालय,डुमराॅंव के सहायक प्रोफेसर(यांत्रिकरण) अभियंता श्री विकास चन्द्र वर्मा द्वारा कस्टम हायरिंग सेंटर में कृषि यंत्रों का रख रखाव, यंत्रों का विवरणी, विभिन्न पंजीयों का संधारण, किराया पर दिये जाने वाले यंत्रों का मूल्य निर्धारण तालिका, कस्टम हायरिंग सेंटर का नाम, स्थान, अध्यक्ष का नाम सहित बोर्ड इत्यादि के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। मौके पर आकाश जीविका ग्राम संगठन, आदर्श जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ, अधिकार जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ के संचालकर्ता, प्रगतिशील कृषक ओमप्रकाश राय, प्रकाश राय इत्यादि उपस्थित थे।