
मुख्य सचिव, बिहार सरकार के पत्रांक 407 दिनांक 7 अप्रैल 2022 द्वारा सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को त्वरित एवं प्रभावी ढंग से लागू करने, इनके सतत अनुश्रवण एवं राज्य में न्याय के साथ विकास को सुनिश्चित करने तथा प्रशासन को और अधिक संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से कतिपय निदेश प्राप्त है। उक्त के आलोक में शुक्रवार को पदाधिकारियों के द्वारा जनता दरबार आयोजित कर आम लोगों से मिलने का आदेश है उक्त आलोक में निम्नवत निर्देश दिए जाते हैं:- जिला स्तरीय जनता दरबार का आयोजन शुक्रवार को अपराहन 01:00 बजे से 4:00 बजे तक किया जाएगा। समाहरणालय बक्सर के सभी शाखा प्रभारी, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, बक्सर जिला तथा कार्यपालक अभियंता उक्त दिवस को निर्धारित समय पर समाहरणालय के सभाकक्ष में उपस्थित रहेंगे। जनता दरबार में आने वाले आवेदको/परिवादियों से आवेदन प्राप्त कर उसे संबंधित पदाधिकारी को भेजा जाएगा। इस हेतु सर्वप्रथम प्रभारी पदाधिकारी, विकास शाखा अपने प्रधान लिपिक के माध्यम से आवेदन को प्राप्त करेंगे तथा उसकी इंट्री कराते हुए संबंधित विभाग के पदाधिकारी को आवेदन/परिवाद हाथों हाथ सुपुर्द करेंगे। संबंधित पदाधिकारी उक्त आवेदन की समीक्षा करेंगे तथा उस पर क्या कार्रवाई हो सकता है, उसके मंतव्य के साथ अधोहस्ताक्षरी के समक्ष परिवादी/आवेदक सहित उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे। अधोहस्ताक्षरी से प्राप्त निर्देश के आलोक में संबंधित पदाधिकारी निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण कराते हुए कृत कारवाई का प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।