
उप विकास आयुक्त श्री योगेश कुमार सागर की अध्यक्षता में सभी लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी एवं लोक प्राधिकार के साथ लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के कार्यान्वयन से संबंधित समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय सभागार में आहूत की गई। बैठक को सम्बोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने बताया कि लोक शिकायतों का निवारण सरकार के सर्वोच्च प्राथमिकता वाली सूची वाले कार्यों में शामिल है। अतः सभी लोक प्राधिकार प्राथमिकता के तौर पर लोक शिकायत निवारण कार्यालय से प्राप्त मामलों पर प्राथमिकता के तौर पर कार्रवाई कर ससमय मामलों को निष्पादित करें। लोक शिकायत के मामलों का सससमय निष्पादन नहीं करने पर कठोर अनुशासनिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई। जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने बैठक में जानकारी दी कि जिले में अब तक कुल 18729 मामले आए हैं, जिनमें से 17831 मामलों को निष्पादित कर दिया गया है। बैठक में बताया गया कि प्रथम अपीलवाद के तहत बक्सर अनुमण्डलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बक्सर में कुल 777 प्राप्त आवेदन में से 751 आवेदन को निष्पादित कर दिया गया है एवं डुमराँव अनुमण्डल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी डुमराँव में कुल 557 प्राप्त आवेदन में से 525 आवेदन को निष्पादित कर देने की जानकारी दी गई। अतिक्रमण से संबंधित मामलों पर उप विकास आयुक्त महोदय ने विभिन्न स्तर पर एवं विभिन्न तरह के मामलों की सूची वर्गीकृत कर अनुश्रवण करने का निदेश दिया। इससे अतिक्रमण हटाने से संबंधित मामलों पर अनावश्यक विलम्ब नहीं होगा। अतिक्रमण हटाने से संबंधित पारित आदेशो का अनुपालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। लोक प्राधिकारों की सुनवाई के दौरान उपस्थिति की चर्चा के दौरान जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने बताया कि कुछेक लोक प्राधिकार के द्वारा जिन प्राधिकृत पदाधिकारी अथवा कर्मी को सुनवाई के लिए भेजा जाता है, उन्हें मामलों की विस्तार से जानकारी नहीं होती है। इस पर उप विकास आयुक्त महोदय ने सख्त रूख अपनाते हुए निदेश दिया कि ऐसी घटना की पुनरावृति होने पर संबंधित लोक प्राधिकार के विरूद्ध कठोर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। अंत में उप विकास आयुक्त ने कहा कि परिवादी को उसके परिवाद के विरूद्ध न्याय दिलाना ही इस अधिनियम का मुख्य उद्देश्य है। इसीलिए सभी लोक प्राधिकार तत्परता से परिवादों का निष्पादन करें। बैठक में स्थापना उप समाहर्ता बक्सर, विशेष कार्य पदाधिकारी-सह-गोपनीय प्रशाखा बक्सर, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, वीडियो कॉन्फ्रेसिंग से अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर/डुमराँव, सभी प्रखण्डों व अंचलों के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित थे।