
जिला दण्डाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक कोविड-19 संक्रमण के पुर्नप्रसार को रोकने एवं आने वाले त्योहार होली एवं शब-ए-बारात को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए व्यवस्थाओं के निमित किया गया। बैठक में उक्त पर्व के अवसर पर संयुक्तादेश के जरिए दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जानकारी दी गई। बताया गया कि इस त्योहार के अवसर पर शांति समिति की बैठक करना आवश्यक है। निदेश दिया गया कि सभी थानाध्यक्ष, पुलिस निरीक्षक, अंचलाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी एवं अनुमण्डल स्तर पर शांति समिति की बैठक कर तथा दोनों सम्प्रदायों के बीच सदभावना बनाये रखने के लिए पूर्ण कोशिश करेंगे। सिविल सर्जन, बक्सर को निदेश दिया गया कि जिला अस्पताल के साथ बक्सर एवं डुमराँव अनुमण्डलीय अस्पताल तथा सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर सभी चिकित्सकों को पर्याप्त मात्रा में दवाईयों के साथ तैयार स्थिति में रखना सुनिश्चित करेंगे तथा जिला अस्पताल बक्सर एवं अनुमण्डलीय अस्पताल डुमराँव में एम्बुलेंस तैयार हालत में रखना सुनिश्चित करेंगे। अग्निशामक पदाधिकारी बक्सर को निदेश दिया गया कि जिला नियंत्रण कक्ष, समाहरणालय बक्सर, मॉडल थाना बक्सर/डुमराँव थाना में एक-एक तैयार हालत में फायर बिग्रेड की वाहन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल बक्सर को निदेश दिया गया कि दिनांक 28.03.2021 से 31.03.2021 तक विद्युत आपूर्ति निरंतर बनी रहे, इसकी पूरी व्यवस्था वे सुनिश्चित करेंगे। सभी मार्गों में लूज एवं नीचे लटके हुए तारो की जाँच कराकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे। होली पर्व 2021 एवं शब-ए-बारात 2021 के विधि-व्यवस्था संधारण हेतु जिला नियंत्रण कक्ष बक्सर समाहरणालय परिसर अवस्थित कोषागार कार्यालय के उपरी तल पर संचालित आपदा शाखा का नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा, जिसका दूरभाष संख्या 06183-223333 है। जिला नियंत्रण कक्ष के प्रभार में अहमद हुसैन, कार्यपालक अभियंता स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, कार्य प्रमंडल बक्सर श्री ओंकार चौधरी सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी बक्सर रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी/कर्मी की प्रतिनियुक्ति दिनांक 28.03.2021 के अपराहन से दिनांक 30.03.2021 तक अथवा स्थिति सामान्य होने तक की गई है। बैठक में बताया गया कि प्रतिनियुक्त किये गये दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को यह व्यक्तिगत जिम्मेवारी होगी कि वे अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था तथा साम्प्रदायिक सदभाव को बनाये रखने में तत्परता बरतेंगे तथा एक दूसरे के साथ निकट सम्पर्क रखेंगे ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहें। यदि कोई विवाद उत्पन्न हो जाय तो दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी को उसे सुलझाने की अविलम्ब व्यवस्था करनी होगी। बैठक में जिला दण्डाधिकारी बक्सर ने बताया कि सभी पदाधिकारियों की सभी प्रकार की छुठ्ठियाँ होली त्योहार को लेकर स्थगित कर दी गई है। विशेष परिस्थिति में सक्षम स्वीकृति के उपरांत ही मुख्यालय छोडे़गे। बैठक में बताया गया कि संवेदनशील स्थानों पर थानाध्यक्ष, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी भ्रमण कर अपने-अपने स्तर पर विशेष निगरानी रखेंगे। अनुमण्डल पदाधिकारी/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव सोशल मीडिया पर साईबर सेनानी व्हाटसअप ग्रुप के माध्यम से लगातार नजर बनाये रखेंगे एंव आवश्यकतानुसार विधि सम्मवत कार्रवाई करेंगे। कोविड-19 संक्रमण के पुर्नप्रसार के संबंध में चेतावनी देते हुए जिला दण्डाधिकारी महोदय ने कहा कि सावधानी व सतर्कता में कोताही महँगी पड़ सकती है। होली पर्व के अवसर पर अन्य राज्यों से अपने-अपने घरों को आने वाले लोगों को कोविड जाँच कराना आवश्यक होगा। इसमें स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों से सहयोग की पूर्णरूपेण अपेक्षा की गई। घर-घर यह संदेश पहुँचाने को कहा गया कि अगर कोई राज्य के बाहर से आते हैं तो वे अपनी कोविड जाँच अवश्य करावें। अनावश्यक भीड़ लगाने के भी मना किया गया। जानकारी दी गई कि होली मिलन समारोह पर पूर्णरूपेण पाबंदी लगा दी गई है। अतएव इसके आयोजन से परहेज करें। वरना मजबूरन कानूनी कार्रवाई के तहत एफ0आई0आर0 दर्ज की जाएगी। पुलिस अधीक्षक महोदय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विधि-व्यवस्था के मामले में कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। होली पर्व 2021 एवं शब-ए-बारात 2021 के अवसर पर उक्त तिथि को अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर तथा डुमराँव अनुमण्डल का अनुमण्डल पदाधिकारी डुमराँव अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी डुमराँव अपने-अपने अनुमण्डल के विधि-व्यवस्था के प्रभार में रहेंगे एवं आवश्यकतानुसार को-ऑडिनेटर/दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे। विधि-व्यवस्था के सम्पूर्ण वरीय प्रभार में उप विकास आयुक्त बक्सर श्री योगेश कुमार सागर एवं पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) बक्सर रहेंगे। होली पर्व 2021 एवं शब-ए-बारात 2021 के अवसर पर जिले में 86 स्टैटिक को-ऑडिनेटर/पुलिस पदाधिकारी, 27 सेक्टर दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी, 02 जोनल दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी एवं 17 सुरक्षित दण्डाधिकारी/को-ऑडिनेटर/पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है।