Mon. Apr 20th, 2026

धनतेरस एवं शुभ दीपावली के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु दिनांक 12.11.2020 को अपराहन 02:00 बजे से दिनांक 15.11.2020 को पूर्वाहन 06:00 बजे (दीपावली पर्व समाप्ति) तक दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति जिला दण्डाधिकारी बक्सर एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर के संयुक्तादेश के द्वारा कर दी गई है। दीपावली के शुभ अवसर पर काफी बडे़ पैमाने पर मिठाईयों की बिक्री एवं खरीदारी होती है। ऐसी प्रबल संभावना रहती है कि मिठाईयों में हानिकारक मिलावटी रसायन आदि डालकर उन्हें बेचा जाय। खाद्य निरीक्षक बक्सर, अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव से समन्वय स्थापित कर खाद्य पदार्थों की जाँच हेतु विशेष अभियान चलायेंगे। अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव भी मिठाई दुकानों पर छापामारी कर नमूना एकत्र कर खाद्य निरीक्षक को जाँच हेतु प्राप्त करायेंगे। खाद्य निरीक्षक को निर्देश दिया जाता है कि वे प्राप्त नमूने का जाँच प्रतिवेदन उपलब्ध करायेंगे एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर मिठाईयों के गुणवता की जाँच अनिवार्य रूप से करना सुनिश्चित करेंगे तथा इस संबंध में दिनांक 12.11.2020 से 14.11.2020 तक प्रतिदिन विस्तृत जाँच प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी के साथ-साथ अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव, सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी बक्सर जिला/सभी पुलिस निरीक्षक/थानाध्यक्ष बक्सर जिला को निदेश दिया गया है कि बाजार/हाट में लगे पटाखा दुकानों की जाँच कर लें तथा जिस पटाखा विक्रेता के पास लाईसेंस नहीं है तो उसके विरूद्व विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। अग्निशाम पदाधिकारी बक्सर (मो0 7488649924) को निदेश दिया गया है कि किसी भी प्रकार की आगजनी की आकस्मिक घटना से निपटने के लिए फायर टेण्डर पूर्व से तैयारी हालत में रखेंगे। उनके पानी भरने के स्थानों को भी पूर्व से चिन्हित कर तैयारी हालत में रखें। अग्निशाम पदाधिकारी बक्सर, अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर/डुमराँव से विमर्श कर फायर टेण्डर को ऐसे स्थान पर रखेंगे जहाँ से किसी भी स्थान पर जाने में कम से कम समय लगे। इसके अलावा व्यवसायिक वर्ग से समन्वय कर दुकानों/बाजारों में पानी, बालू, पोर्टबेल फायर इन्स्टिगविसर रखवाने की व्यवस्था की जायेगी। असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी बक्सर (मो0 9470003163) को निदेश दिया गया है कि अस्पतालों में आग से जलने की ईलाज तथा बर्न-इन्ज्यूरी के ईलाज के सभी आकस्मिक व्यवस्था पूर्व से कर ली जाय। सभी सरकारी/गैर सरकारी द्वारा संचालित एम्बूलेंस, स्ट्रेचर इत्यादि की सूची प्राप्त कर संवेदनशील स्थानों में प्राथमिकता के आधार पर तैनाती कर दी जाय। असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी बक्सर सभी अस्पतालों में उपचार का प्रबंध करेंगे तथा अस्पताल में रोस्टर के अनुसार दिन/रात शल्य चिकित्सक आवश्यक दवाईयों एवं प्राथमिक उपचार का प्रबंध करेंगे। उक्त अवसर पर भीड़ को देखते हुए इस संदर्भ में विशेष एहतियाती कार्रवाई की जायेगी एवं 24X7 एम्बूलेंस की सेवा उपलब्घ रखी जायेगी। अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव से विमर्श कर एम्बूलेंस ऐसे स्थान पर रखा जायेगा जहाँ से अविलम्ब आवश्यकता पड़ने पर उसे भेजा जा सके। कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर एवं डुमराँव दीपावली के अवधि में पूरे नगर क्षेत्र की साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे एवं स्वयं भ्रमणशील रहकर इसकी निगरानी करेंगे। सम्पूर्ण त्योहार की अवधि में बक्सर एवं डुमराँव नगर की साफ-सफाई की जिम्मेवारी कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर, डुमराँव की होगी। इस जवाबदेही में किसी भी प्रकार की कोताही को गंभीरता से लिया जायेगा। जिले में दीपावली बहुत धूमधाम से मनाया जाता है तथा हजारों की संख्या में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से स्त्री-पुरूष बाजारों में खरीदारी के लिए निकलते है। ऐसी परिस्थिति में संध्या काल में प्रर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था होनी चाहिए। कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति एवं परियोजना यह सुनिश्चित करेंगे कि दिनांक 12.11.2020 से 14.11.2020 तक विद्युत आपूर्ति निर्वाध रूप से बनी रहे। सभी दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में ससमय उपस्थित होकर चौकसी बरतेंगे। किसी प्रकार का विधि-व्यवस्था समस्या उत्पन्न होने पर इसकी सूचना संबंधित अनुमण्डल पदाधिकारी/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी को सूचित करते हुए विधि-व्यवस्था को नियंत्रित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!