बक्सर। इस्कॉन पटना विस्तार केंद्र, पड़री, बक्सर द्वारा प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।जिसमे इस्कॉन पटना के प्रेसिडेंट सह जोनल पर्यवेक्षक कृष्ण कृपा दास जी शामिल हुए। उन्होंने बताया कि पावन वैदिक शिक्षा स्थली बक्सर में इस्कॉन द्वारा एन एच 922 बक्सर -डुमरांव पथ पर ग्राम पड़री में भूमि अर्जित की गई है जिसमें श्रील प्रभुपाद आश्रम का निर्माण हो चुका है। इसका उद्घाटन इस्कॉन के क्षेत्रीय सचिव परम पूज्य देवकी नंदन दास द्वारा किया जा चुका है। संन्यासी एवं ब्रह्मचारी भक्तजन नियमित श्री राधा कृष्ण एवं देवी देवताओं का पूजन आरती करते हैं।
मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों सहित श्रीमद्भागवत गीता का प्रचार प्रसार कार्य प्रारंभ है। युवाओं के चरित्र निर्माण से लेकर उन्हें संस्कारी बनाने के लिए संन्यासी भक्त वृंद उनका मार्गदर्शन करते हैं। निकट भविष्य में बक्सर में भी इस्कॉन मंदिर भव्य एवं दिव्य बने।इसकी योजना बन रही है।प्रेसिडेंट ने बताया कि इस्कॉन का बक्सर केंद्र पड़री में है और शहर में कार्यक्रम स्थल गोयल धर्मशाला है। इसके अतिरिक्त कोई भी प्रामाणिक केंद्र नहीं है।
इस अवसर पर इस्कॉन बक्सर के प्रबंधक श्री राजा गोविंद दास, इस्कॉन बक्सर के परामर्श दात्री एवं कार्यकारिणी समिति के सदस्य सह स्मृति कॉलेज के निदेशक डॉ रमेश कुमार, श्री रोहतास गोयल, सूबेदार पाण्डेय, तारकेश्वर प्रसाद एवं अनूप सिंह उपस्थित थे।आज विधिवत समिति की घोषणा की गई। आगे समिति में और भी सदस्यों को बढ़ाया जाएगा।
इसी क्रम में डाॅ रमेश कुमार ने कहा कि सामाजिक एवं आध्यात्मिक पुनरुत्थान की कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का संचालन इस्कॉन द्वारा किया जाता है। प्रबंधक राजा गोविंद दास ने कहा कि प्रत्येक रविवार को संध्या में इस्कॉन पड़री में भजन कीर्तन,गीता पर प्रवचन,आरती एवं भंडारा/प्रसाद इत्यादि कार्यक्रम का आयोजन होता है। सभी भक्तवृंद को शामिल होना चाहिए।