Wed. Apr 22nd, 2026

जिला दण्डाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर एवं पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार सिंह के द्वारा 16 फरवरी को सरस्वती पूजा शांतिपूर्ण मनाने एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु जिला स्तरीय पदाधिकारीगणों, पुलिस पदाधिकारीगणों के साथ सभागार में तथा वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर/डुमराँव एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। बैठक में जिला दण्डाधिकारी महोदय ने निर्देश दिया कि सभी अनुमण्डल पदाधिकारी अनुमण्डल स्तर पर तथा सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी तथा थानाध्यक्ष थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक ससमय कर लेना सुनिश्चित करेंगे तथा आयोजन समिति के साथ समन्वय स्थापित कर पूजा का शांतिपूर्ण आयोजन करेंगे। पूजा पण्डालों में कोविड-19 संक्रमण से बचाव हेतु बनाए गए प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करवाने का भी निदेश दिया गया। पूजा पंडालों पर अश्लील गीत बजाने वालों के विरूद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने को भी कहा गया। डी0जे0 पर पूर्ण प्रतिबंध रखने को कहा गया। पूजा पंडालों के लिए थाना स्तर से अनुज्ञप्ति जारी की जाएगी। अनुज्ञप्ति में स्पष्ट रूप से विसर्जन की तिथि 17 फरवरी 2021 का उल्लेख किया जाएगा। यानि 17 फरवरी 2021 को निश्चित रूप से विसर्जन करवाने का सख्त निर्देश दिया गया। एन0जी0टी0 के निर्देशालोक में गंगा नदी में मूर्ति विसर्जन पर रोक रहेगी। पूर्व की भाँति सभी प्रखण्डों में कृत्रिम तालाबों में मूर्ति विसर्जन करवाने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक महोदय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पूजा पूर्व निरोधात्मक कार्रवाई करें। थानावार बारी-बारी से शांति समिति की बैठक के स्थिति के बारे में तथा निरोधात्मक कार्रवाई के बारे में जानकारी ली गई। सबों को दो दिनों के अंदर शांति समिति की बैठक कर लेने का भी निर्देश दिया गया। मूर्ति विसर्जन हेतु निर्धारित मार्ग का भौतिक सत्यापन निश्चित रूप से कर लेने का भी निर्देश दिया गया। शांति समिति की बैठक में एवं पूजा के आयोजकों को मूर्ति विसर्जन निर्धारित तालाबों में करने हेतु जानकारी निश्चित रूप से देने को कहा गया। पूजा पंडालों में विवादस्पद कार्टूनों पर प्रतिबंध रहेगा। असामाजिक तत्वों एवं उपद्रव फैलानों वालो पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जबरन चंदा वसूलने वालों के विरूद्ध भी रंगदारी का केस करने का निर्देश दिया गया। सोशल मीडिया पर साइबर सेनानी एवं अन्य माध्यमों से नजर रखी जाएगी ताकि शांति भंग करने वालों की पहचान तत्काल की जा सके। पूजा पंडालों के आयोजकों को कोविड-19 संक्रमण से बचाव हेतु सरकार द्वारा निर्गत गाइडलाइन की जानकारी जरूर देने को कहा गया। ताकि पंडालों में अनावश्यक भीड़-भाड़ न हो। बैठक में उप विकास आयुक्त बक्सर श्री योगेश कुमार सागर, अनुमण्डल उपाधीक्षक, डी0सी0एल0आर0 डुमराँव-सह-प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय प्रशाखा, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, जिला स्थापना पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल, अग्निशमन पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!