Tue. Apr 21st, 2026

जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा एवं सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 अभियान की जिला टास्क फोर्स की बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आहूत की गई।*

जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि मिशन इंद्रधनुष 5.0 अभियान का प्रथम चक्र 11 सितंबर से 16 सितंबर 2023 तक द्वितीय चक्र 9 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2023 तक एवं तृतीय चक्र 27 नवंबर से 2 दिसंबर 2023 तक तीन चरणों में संचालित होगा।

इस अभियान के अंतर्गत वैसे बाहुल्य क्षेत्र जहां पर छूटे हुए बच्चों की संख्या अधिक है को अभियान के दौरान विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित कर अच्छादित किए जाएंगे।

जिले में कुल 844 सत्र स्थल का चयन किया गया है। जिसमें टीकाकरण के लिए 0 से 2 वर्ष तक के लगभग 6746 एवं 2 से 5 वर्ष तक के लगभग 2171 बच्चों का तथा लगभग 1307 गर्भवती महिलाओं का प्रतिरक्षित करने के लिए लक्षित किया गया है।

307 एएनएम को इस अभियान में टीकाकरण के लिए शामिल किया गया है। चिन्हित एएनएम, आशा एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं को इस अभियान हेतु प्रशिक्षित किया जा चुका है।

चिन्हित सत्र स्थलों पर जागरूकता लाने हेतु संचार योजना बनाई गई है। जिसके तहत माता बैठक, सामुदायिक बैठक, प्रभात फेरी के साथ-साथ माईकिंग के माध्यम से टीकाकरण के महत्व को बताने के लिए एवं जागरूकता फैलाने के लिए प्रचार प्रसार किया जा रहा है।

चिन्हित क्षेत्र के सभी घरों के अभिभावक से अनुरोध है कि अपने बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को पूर्ण रूप से टीकाकरण कराए। टीकाकरण के माध्यम से ही 12 जानलेवा बीमारियों से बचाया जा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग आईसीडीएस एवं सहयोगी संस्थान के जिला एवं प्रखंड स्तर के प्रतिनिधियों द्वारा प्रत्येक सत्र स्थल का पर्यवेक्षण किया जाएगा। जिससे शत प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त किया जा सके।

*बैठक में सिविल सर्जन बक्सर, उप विकास आयुक्त बक्सर, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी बक्सर, संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी, संबंधित चिकित्सकगण एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!