
जिला विकास समन्वय समिति की समीक्षात्मक बैठक जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आहूत की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत किये जा रहे आवास निर्माण की विस्तृत समीक्षा की गई। योजना में पूर्व पारदर्शिता बरतते हुए लाभुकों को अविलम्ब योजना का लाभ देने का निदेश दिया गया। प्रखण्डों में बने कृषि भवन के रख रखाव हेतु विभागीय आवंटन प्राप्त होने की जानकारी जिला कृषि पदाधिकारी बक्सर ने दी। जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी नवनिर्मित कृषि भवनों का जीर्णोद्वार कर प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी को कार्यालय में नियमित बैठने का निदेश दिया। भूमिहीन गरीब असहाय लोगों को जमीन बंदोबस्त करने का निदेश दिया गया। स्वच्छता अभियान के तहत निर्माणधीन सामुदायिक शौचालय के प्रगति से जिला पदाधिकारी महोदय ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला समन्वयक स्वच्छता से स्पष्टीकरण पूछने का निदेश दिया। आँगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण हेतु अंचलाधिकारियों को अविलम्ब जमीन उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया। ताकि वैसे जगहों पर आँगनबाड़ी केन्द्र बनाया जा सके जहाँ सरकारी भवनों में आँगनबाड़ी केन्द्र अवस्थित नहीं है। पी0एच0ई0डी0 कार्यपालक अभियंता को आर्सेनिक जल सफाई योजना के तहत आपूर्ति किये जा रहे पानी को सिर्फ पीने के पानी के रूप में उपयोग करने हेतु व्यवस्था करने का निदेश दिया गया। महादलित बस्तियों में सामुदायिक भवन का निर्माण करवाया जा रहा है। वैसे महादलित बस्ती जहाँ अब तक जमीन के अभाव में सामुदायिक भवनों का निर्माण कार्य प्रारम्भ नहीं हो पाया है, वहाँ जमीन की उपलब्धता हेतु अंचलाधिकारियों को निदेश दिया गया। कार्यपालक अभियंता बुडको के कार्य से जिला पदाधिकारी महोदय ने असंतोष व नाराजगी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति हेतु पाइप बिछाने के क्रम में सड़कों को काटने के पश्चात मरम्मति नहीं करने की वजह से आमजनों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में लगातार शिकायत प्राप्त हो रही है। कार्यपालक अभियंता बुडको को अविलम्ब सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मति करने का निदेश दिया गया। कार्यपालक अभियंता पी0एच0ई0डी0 को एक महीने के अंदर नगर परिषद बक्सर एवं डुमराँव को पानी के पाइपों एवं पानी के सप्लाई की स्थिति का निरीक्षण व मरम्मति कर प्रतिवेदन देने का सख्त निदेश दिया गया। जीविका के दीदियों के द्वारा समाहरणालय परिसर में कैंटीन खोलने हेतु प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। जिला पदाधिकारी महोदय ने इस पर त्वरित कार्रवाई करने का निदेश दिया। अग्रणी बैंक के प्रबंधक को इच्छुक लोगों को ऋण देने के स्थिति की समीक्षा बैंकों के साथ करने का निदेश दिया गया। राजस्व विभाग के द्वारा जानकारी दी गई कि सरकार से प्राप्त निदेश के आलोक में सभी विभाग के पदाधिकारी अपने कार्यालय भवन एवं जमीन के रख रखाव हेतु जबावदेह हैं। अगर उनके जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण होता है तो उसकी सूचना तत्क्षण अंचल पदाधिकारी को देने को कहा गया। साथ ही जिला स्तरीय पदाधिकारी को भी इसकी सूचना देने का निदेश दिया गया। जल जीवन हरियाली कार्यक्रम के तहत तालाबों का जीर्णोद्वार किया जाना है। इसके लिए अंचलाधिकारियों से तालाबों पर से अतिक्रमण हटाने का निदेश दिया गया। बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव, सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, मनरेगाकर्मी, विभिन्न विभागों के अभियंतागण उपस्थित थे।