
जिला पदाधिकारी बक्सर श्री अमन समीर की अध्यक्षता में 15 अगस्त 2021 स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन से संबंधित बैठक समाहरणालय सभागार में आहूत की गई। जिला पदाधिकारी महोदय ने बैठक को संबोधित करते हुए जानकारी दी कि कोविड-19 के मद्देनजर बिहार सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। झंडोतोलन का मुख्य समारोह किला मैदान बक्सर में आयोजित होगा। समारोह में मात्र अतिविशिष्ट महानुभवों एवं वरीयतम पदाधिकारियों को ही आमंत्रित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह स्थल पर आम जनता एवं स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से वरिष्ठ नागरिकों को आमंत्रित नहीं किया जाएगा। समारोह में भाग लेने हेतु महानुभावों को आमंत्रत पत्र e-card के माध्यम से भेजा जाएगा। विभिन्न विभागों के द्वारा निकाली जाने वाली झाँकियों का प्रदर्शन स्थगित रहेगा। समारोह के परेड में भाग लेने वाले जवानों के बीच सोशल डिस्टेसिंग का पालन किया जाएगा। परेड में सैप के जवान, पुरूष सशस्त्र बल, महिला सशस्त्र बल एवं गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल होंगे। बच्चों से संबंधित एन0सी0सी0 एवं स्कॉट का परेड का आयोजन नहीं किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित रहेगा। समारोह का लाईव प्रदर्शन (सोशल मीडिया, फेसबुक वेवकास्ट आदि से) की व्यवस्था की जाएगी। महादलित कस्बे में पदाधिकारीगण जाकर झंडोतोलन करेंगे। मुख्य समारोह स्थलों के अतिरिक्त सभी प्रमुख कार्यालयों में झंडोतोलन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को किला मैदान की साफ-सफाई करने का निदेश दिया गया। नजारत उप समाहर्ता को निदेश दिया गया कि परेड में प्रथम एवं द्वितीय स्थान पाने वाले प्लाटून को पुरस्कार एवं अन्य को सहभागिता प्रमाण पत्र देना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में उप विकास आयुक्त बक्सर, अपर समाहर्ता बक्सर, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर, उप समाहर्ता स्थापना बक्सर, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा बक्सर एवं जिला स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।