
जिला पदाधिकारी बक्सर की अध्यक्षता में गठित निरीक्षण समिति द्वारा बालगृह बक्सर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 26 बच्चे बालगृह में आवासित पाये गये। बालगृह के कार्यालय कक्ष में सी0सी0टी0वी0 फुटेज को देखने के लिए टी0वी0 स्क्रीन लगाया गया है। ADCP जिला बाल संरक्षण इकाई को निदेशित किया गया कि सी0सी0टी0वी0 कैमरा में एक माह का रिकार्डिंग स्टोरेज कराने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करेंगे। कार्यालय कक्ष में बालगृह में आवासित बच्चों का नाम, उम्र उनके केस हिस्ट्री के साथ डिस्पले कराने का निदेश दिया गया। साथ ही उनके बौद्धिक विकास हेतु प्रत्येक 15 दिन पर विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों को बुलाकर उनसे साक्षात्कार कराया जाय ताकि वे बाहरी दुनिया से अवगत हो सके और उनके जीवन पर सार्थक प्रभाव पडे़। इस हेतु रोस्टर तैयार कर उसकी प्रति उपलब्ध कराने का निदेश ADCP जिला बाल सरंक्षण इकाई को दिया गया। निदेशित किया गया कि इस संदर्भ में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों का रिकार्डिंग तथा फोटोग्राफ्स भी सबारित कराया जाय। बालगृह में आवासित बच्चों का हेल्थ कार्ड बनाने का निदेश सिविल सर्जन को दिया गया। बालगृह में आवासित बच्चों को कैटोगराईज्ड कर उसका स्किल मैपिग कराने तथा उसके अनुरूप उनके बौद्धिक विकास हेतु सुविधायें उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का निदेश ADCP जिला बाल संरक्षण इकाई को दिया गया। बालगृह में कार्यरत सभी कर्मियों एवं आवासित बच्चों का पहचान पत्र ADCP को अविलम्ब बनवाने का निदेश दिया गया। निदेशित किया गया कि पहचान पत्र में बालगृह का नम्बर निश्चित तौर पर अंकित किया जाय। बालगृह में आवासित बच्चों को कम्प्यूटर के संबंध में जानकारी देने का निदेश दिया गया। निरीक्षण के क्रम में चावल की गुणवता ठीक नहीं पायी गयी। साथ ही विगत निरीक्षण के क्रम में सभी बच्चों का टूथब्रश, साबुन इत्यादि रखने हेतु अलग-अलग कीट उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया था, परन्तु यह पाया गया कि कीट दो दिन पूर्व बच्चों को उपलब्ध कराया गया है। इस संदर्भ में बालगृह के CWO एवं संबंधित लेखापाल से स्पष्टीकरण प्राप्त कर उनका वेतन स्थगित रखने हेतु ADCP जिला बाल संरक्षण इकाई को निदेशित किया गया। बालगृह भवन के प्रथम तल के गलियारे में विभिन्न प्रकार के पौधों की गमलों में लगवाने का निदेश दिया गया। ADCP जिला बाल संरक्षण इकाई को संबंधित एजेन्सियों से सम्पर्क कर बच्चों का ऑनलाइन क्लास स्टडी के लिए कंटेट प्राप्त करने का निदेश दिया गया। बालगृह भवन के छत पर सी0सी0टी0वी0 कैमरा का अधिष्ठापन नहीं किया गया है। ADCP को कैमरा का अधिष्ठापन सुनिश्चित कराने तथा छत का गेट प्रतिदिन संध्या में बंद हो जाय इस हेतु जिम्मेवारी निर्धारित कराने का निदेश दिया गया। बालगृह में आवासित बच्चों को माह में एक बार महत्वपूर्ण स्थलों का परिभ्रमण कराने का निदेश दिया गया। बालगृह कमिटि के सदस्यों एवं पदाधिकारियों को औचक रूप से बालगृह का निरीक्षण करने तथा भोजन की गुणवता चेक करने का निदेश दिया गया। जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि वे कभी भी औचक रूप से निरीक्षण करने पहुँच सकते हैं तब यदि किसी प्रकार की कमी पायी जायेगी तो उसके संदर्भ में जिम्मेवारी निर्धारित कर कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। निरीक्षण के समय जिला पदाधिकारी बक्सर, उप विकास आयुक्त बक्सर के साथ निरीक्षण समिति के सदस्य के रूप में पुलिस अधीक्षक (मु0), सिविल सर्जन के प्रतिनिधि के रूप में डॉ0 भूपेन्द्र नाथ, सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई अध्यक्ष, लाल लक्ष्मण समिति, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (RMSA) शिक्षा विभाग, अध्यक्ष डॉ0 भीमराव अम्बेडकर कल्याण एवं विकास संस्था नई बाजार व कुमारी अनुराधा मातासर्क स्वास्थ्य विशेषज्ञ उपस्थित थे।