बक्सर/भोजपुर : विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक श्री राजकुमार चौबे के नेतृत्व में विश्वामित्र सेना का प्रतिनिधिमंडल भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलौटी गांव पहुंचा, जहां स्वर्गीय भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शहीद को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार को हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
मौके पर श्री राजकुमार चौबे ने कहा कि यह घटना कहीं न कहीं व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक नेतृत्व को इस पूरे मामले को अत्यंत गंभीरता से लेना चाहिए था, घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए था। उन्होंने इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यदि ऐसे मामलों में समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो यह व्यवस्था की आदत बन जाएगी और रोजी-रोटी के लिए घर से बाहर जाने वाले हर युवा के मन में भय का वातावरण उत्पन्न होगा।
विश्वामित्र सेना ने सरकार से मांग की कि इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित की जाए। संगठन ने स्पष्ट किया कि भरत तिवारी के परिवार को न्याय मिलने तक विश्वामित्र सेना का संघर्ष जारी रहेगा और संगठन हर स्तर पर परिवार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। राष्ट्रीय संयोजक श्री राजकुमार चौबे ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि दोषियों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों का कानून एवं न्याय व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
विश्वामित्र सेना ने मुख्यमंत्री द्वारा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के माध्यम से की गई उस घोषणा का भी स्वागत किया, जिसमें भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में 17 जून 2026 को हुई पुलिस मुठभेड़ की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच के लिए उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से न्यायिक जांच कराने का निर्णय लिया गया है। संगठन ने कहा कि न्यायिक जांच पूरी पारदर्शिता के साथ हो तथा दोषी चाहे कोई भी हो, उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।