जिला पदाधिकारी, बक्सर श्रीमती साहिला द्वारा अनुमंडलीय अस्पताल, डुमराँव में संचालित डायलिसिस सुविधा का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए उन्हें सभी आवश्यक सहयोग एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने सिविल सर्जन बक्सर को डायलिसिस केंद्र की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने, उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने तथा चिकित्सकों की ससमय उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के क्रम में अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति में कमियाँ पाई गईं। इस पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सिविल सर्जन बक्सर को अस्पताल परिसर में समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। साथ ही अस्पताल भवन का आवश्यक रंग-रोगन कराने तथा उपलब्ध एवं नवीन चिकित्सा सुविधाओं को व्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को सुविधाओं की समुचित जानकारी मिल सके।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दिशा में सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी तत्परता एवं जवाबदेही के साथ सुनिश्चित करें।