
मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना में बक्सर जिला ने राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त किया
*बक्सर, दिनांक 04 फरवरी 2021 :- जिला परिवहन पदाधिकारी बक्सर ने अपील करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना (MMGPY) के वैसे लाभुक जिनका प्रखण्ड में आवेदन स्वीकृति हो चुका है, वे अविलम्ब अपने नजदीक एजेन्सी में जाकर मनपंसद ई-रिक्शा, तीन पहिया, चार पहिया वाहन बुक कराकर इस माह में वाहन क्रय कर लें। उन्होंने बताया कि यह योजना केवल बिहार में ही लागू है। इस योजना के अंतर्गत वाहन के लागत मूल्य का 50 प्रतिशत अधिकतम 100000/- (एक लाख) रूपये एक मुस्त अनुदान है। ई-रिक्शा में 70000/- रूपये एक मुस्त अनुदान है। इसका लाभ उठाकर आप आत्मनिर्भर बने एवं आर्थिक/सामाजिक स्थिति सुधारें। जिला पदाधिकारी महोदय के दिशा निर्देशन एवं नेतृत्व में विकास मित्रों, आवास सहायकों, प्रखण्ड कल्याण पदाधिकारियों, प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों/अनुमण्डल पदाधिकारियों के लगातार सहयोग से राज्य में जिला को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। जिला का कुल लक्ष्य 994 के विरूद्ध अब तक 723 वाहनों का क्रय किया जा चुका है। साथ ही जिले के सभी पेट्रोल पम्पों, सभी प्रखण्डों तथा एजेन्सी के सभी सर्विस केन्द्रों पर प्रदूषण जाँच केन्द्र खोला जाना है, लेकिन अभी तक बक्सर जिला अन्तर्गत कुल 27 स्थानों पर (प्रखण्ड चक्की एवं चौगाई को छोड़कर) कार्यरत है। अतः सभी पेट्रोल पम्पों के संचालकों वाहन विक्रेता एजेन्सियों को जिला परिवहन पदाधिकारी ने निदेश दिया है कि एक सप्ताह के अंदर अपने पेट्रोल पम्पों एवं एजेन्सियों के सर्विस सेन्टर पर वाहन प्रदूषण जाँच केन्द्र खोलने हेतु अविलम्ब पत्र जिला परिवहन कार्यालय, बक्सर में जमा करें। अन्यथा वैसे पेट्रोल पम्पों एवं एजेन्सियों के सर्विस सेन्टर पर नियमानुकूल कार्रवाई की जायेगी। साथ ही वैसे पेट्रोल पम्पों/एजेन्सियों का नवीकरण तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है।