
वाहनों के अश्लील गीत बजाने पर हो जाएगा वाहनों का परमिट रद्द
जिला पदाधिकारी ने सख्त आदेश के साथ अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर/डुमराँव, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर/डुमराँव, सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी को पत्र लिखा है कि कोई भी टेम्पु, बस, ट्रक एवं व्यावसायिक वाहन में अगर अश्लील गाना बजाते हुए पाया जाता है तो उस वाहन का परमिट रद्द करने की अनुशंसा के साथ प्रतिवेदन वाहन संख्या एवं परमिट संख्या अंकित करते हुए जिला परिवहन कार्यालय को उपलब्ध करावें ताकि उस पर कार्रवाई की जा सके। यह निर्णय राज्य परिवहन पदाधिकारी के बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार है। अब से सार्वजनिक वाहनों यथा टेम्पु, ट्रक, बस एवं व्यावासियक वाहनों को निर्गत परमिट में यह शर्त होगा कि अश्लील गाना बजाना अथवा अश्लील वीडियो चलाना वर्जित होगा। इस आदेश की जानकारी जिला के बस, ट्रक एवं टेम्पु एसोशियशन के अध्यक्ष एवं सचिव को भी दे दी गई है। इसका सख्ती से अनुपालन कराने को कहा गया है।