Sun. Apr 19th, 2026

कोरोना पॉजिटिव हुए अश्विनी चौबे:यूपी से लेकर बिहार में कई जगह घूमे, 10 दिन में 500 से अधिक लोगों के संपर्क में आए केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री
यूपी से लेकर बिहार में कई जगह घूमे, 10 दिन में 500 से अधिक लोगों के संपर्क में आए केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री|बिहार,
रविशंकर प्रसाद की मां के निधन के बाद उनके आवास और अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए थे
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में भी एक बड़े कार्यक्रम में शामिल हुए थे

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने खुद इस बारे में जानकारी दी है। अश्विनी चौबे के पॉजिटिव होते ही हड़कंप मच गया है। पिछले 10 दिनों में वे 500 से अधिक लोगों के संपर्क में आए हैं। ​​​​​​वे रविशंकर प्रसाद की मां के निधन पर उनके आवास पर गए थे। इसके बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने दीघा घाट भी गए थे। इस दौरान अश्वनी चौबे रविशंकर प्रसाद, सुशील मोदी, तार किशोर प्रसाद सहित कई नेताओं के संपर्क में आए थे। 26 तारीख की शाम को दिल्ली के लिए रवाना हुए तो उनका पोता अतिशय उनके साथ गया। सोमवार को जब कोरोना की जांच हुई तो अश्विनी चौबे पॉजिटिव पाए गए। हालांकि बाकी सभी लोग नेगेटिव आए हैं। साथ में रहने वाले बेटे अविरल शाश्वत चौबे पिछले 5 दिनों से पुणे में है। वहीं पटना में बड़े बेटे अर्जित शाश्वत भी चौबे के संपर्क में रहे थे।

कई हॉस्पिटल का दौरा
केंद्रीय राज्य स्वास्थ्य मंत्री अश्वनी चौबे पिछले 10 दिनों में कई बड़े कार्यक्रमों में शामिल हुए हैं। गुरुवार को वह मुजफ्फरपुर में SKMCH में सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का निरीक्षण करने गए थे। इस दौरान वह दो दर्जन से अधिक लोगों के संपर्क में आए। गुरुवार को ही वह दरभंगा में प्रस्तावित AIIMS को लेकर लोगों से मुलाकात किए और जिम्मेदारों के साथ बैठक किए। इस बीच वह भागलपुर भी गए थे।

सोशल डिस्टेंसिंग का नहीं हुआ था पालन
इसी बीच 25 दिसंबर को वह आयुर्वेद कॉलेज में बड़े कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान भी वह एक घंटे से अधिक समय तक वहां मौजूद रहे। इस दौरान वह दो दर्जन से अधिक लोगों के संपर्क में भी आए। कार्यक्रम के दौरान दीप प्रज्ज्वलित करते समय मंच पर सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं किया गया था। एक साथ एक दर्जन लोग मंच पर मौजूद थे। 18 दिसंबर को अश्वनी चौबे उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में सद्गुरु सेवा संघ नेत्र चिकित्सालय का निरीक्षण किए। भागलपुर, मुजफ़्फरपुर, दरभंगा और पटना से लेकर दिल्ली व यूपी में भी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने दौरा किया है। कई कार्यक्रम में वह शामिल हुए।

आयुर्वेदिक कॉलेज के डॉक्टर भी कराएंगे जांच

अश्विनी चौबे 25 दिसंबर को राजकीय आयुर्वेद कॉलेज पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान वो दो दर्जन से अधिक लोगों के संपर्क में आए थे। इसमें संस्थान के डॉक्टर और कर्मचारी शामिल थे। मंत्री के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज के प्रिंसिपल दिनेश्वर प्रसाद ने कहा है कि कार्यक्रम में शामिल ऐसे लोग जो मंत्री के संपर्क में आए थे,उनकी कोरोना जांच कराई जाएगी। प्रिंसिपल का कहना है कि वो खुद अपनी जांच कराएंगे। साथ ही अन्य डॉक्टरों की भी मंगलवार को जांच कराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!